नई दिल्ली : केंद्रीय दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में स्थित एक घर में आग लगने की घटना में एक दिव्यांग वरिष्ठ नागरिक की मौत हो गई जबकि उनका भाई मामूली रूप से झुलस गया पुलिस ने मंगलवार को जानकारी दी। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) को यह आग लगने की सूचना रात 2 बजकर 40 मिनट पर मिली जिसके बाद दो दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं एक डीएफएस अधिकारी ने बताया।
पुलिस के अनुसार 2 बजकर 45 मिनट पर पीसीआर कॉल भी प्राप्त हुई जिसके बाद पुलिसकर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और चूना मंडी इलाके में स्थित इमारत की तीसरी मंजिल से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। डीएफएस अधिकारी ने बताया कि करीब 3 बजकर 10 मिनट तक आग पर काबू पा लिया गया और आग केवल घर के अंदर रखे घरेलू सामान तक सीमित रही। सर्च ऑपरेशन के दौरान एक व्यक्ति कमरे के अंदर फंसा हुआ पाया गया जिसका दरवाजा अंदर से बंद था। वह गंभीर रूप से झुलसा हुआ था।
पुलिस के अनुसार घायल व्यक्ति की पहचान 60 वर्षीय रमेश के रूप में हुई है। उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके भाई 58 वर्षीय नरेश इस घटना में हाथों में मामूली रूप से झुलस गए। पुलिस ने बताया कि अपराध शाखा की एक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।अधिकारियों ने यह भी कहा कि आग लगने के सही कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है और इसकी जांच जारी है।