नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार मोटरसाइकिल मुकुंदपुर फ्लाईओवर से टकरा गई।
दिल्ली पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना बाहरी उत्तरी जिले के भलस्वा डेयरी क्षेत्र स्थित मुकुंदपुर फ्लाईओवर पर देर रात हुई। बताया गया कि तेज गति से चल रही मोटरसाइकिल अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और फ्लाईओवर की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के आधिकारिक बयान के मुताबिक टक्कर के बाद मृतकों में से एक व्यक्ति नीचे बह रहे नाले में जा गिरा। इसके बाद पुलिस ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया ताकि उसे ढूंढा जा सके। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।