जगद्दलः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने पश्चिम बंगाल के जगद्दल में हुई चुनावी रैली में आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि इस बार बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उनके अनुसार राज्य में राजनीतिक हवा बदल चुकी है और जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि 4 मई के बाद भाजपा सरकार का गठन तय है। इसके साथ ही राज्य की सत्तारूढ़ सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के उस पुराने वादे को निशाने पर लिया, जिसमें कोलकाता को लंदन की तरह विकसित करने की बात कही गई थी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि “कोलकाता को लंदन नहीं, बल्कि कोलकाता को ही बेहतर बनाना चाहिए।” उन्होंने आरोप लगाया कि 15 साल बाद भी यह सपना पूरा नहीं हुआ और शहर के विकास में अपेक्षित बदलाव नहीं दिखा।
प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस के “मां-माटी-मानुष” नारे पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जिस नारे के साथ सरकार बनी थी, उसे ही अब पार्टी ने पीछे छोड़ दिया है। उनके अनुसार, पिछले 15 वर्षों में विकास का कोई ठोस रोडमैप सामने नहीं आया और जनता के मुद्दों पर अपेक्षित काम नहीं हुआ।
मोदी ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में रोजगार और औद्योगिक विकास की स्थिति कमजोर हुई है, जिससे युवाओं को बाहर जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आने पर रोजगार सृजन, शिक्षा और बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
रैली में उन्होंने कई वादे भी दोहराए, जिनमें सरकारी कर्मचारियों के लिए वेतन सुरक्षा, 125 दिनों के रोजगार की गारंटी, छोटे व्यापारियों और हॉकर्स के लिए पीएम स्वनिधि योजना तथा शिक्षा क्षेत्र में नए अवसर शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की जनता इस बार परिवर्तन चाहती है और भाजपा इसे पूरा करेगी। उन्होंने अपने भाषण में नेताजी सुभाष चंद्र बोस का उल्लेख करते हुए जनता से समर्थन की अपील भी की। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Election 2026) के दूसरे चरण से पहले राज्य में चुनावी माहौल बेहद गर्म है और राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।