🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

राजस्थान में युवक की हत्या के बाद परिजनों ने फूंक दिया गांव, पुलिस पर भी पथराव

राजस्थान के बांसवाड़ा के टामटिया गांव में युवक की हत्या के बाद हिंसा भड़क गई। गुस्साई भीड़ ने आरोपी पक्ष के घरों में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव किया।

By लखन भारती

Apr 27, 2026 12:50 IST

जयपुरः बांसवाड़ा जिले में देर रात हिंसा के बाद मोटागांव में कई घरों को आग के हवाले कर दिया। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो गुस्साई भीड़ ने पथराव किया। पूरी रात पुलिस बल हालात को काबू में करने का प्रयास करती रही। फिलहाल हालात काबू में बताए जा रहे हैं। मामला मोटागांव थाना क्षेत्र के टामटिया गांव का है, जब रविवार (26 अप्रैल) देर शाम एक युवक गोविंद पर उसके घर के पास ही 7-8 बाइक सवार बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी। हथियारबंद युवकों ने युवक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। इसके बाद मृतक के परिजनों का गुस्सा फूटा।

आरोपी पक्ष के कई घर जलकर खाक

हत्या की खबर फैलते ही गांव में तनाव फैल गया। मृतक के परिजनों सहित ग्रामीणों ने आरोपी पक्ष के घरों की तरफ कूच किया। आक्रोशित भीड़ ने कई घरों पर हमला कर आग लगा दी, जिससे कई झोपड़ीनुमा मकान जलकर खाक हो गए। हालात उस समय और बिगड़ गए, जब मौके पर पहुंची पुलिस पर भी भीड़ ने पथराव कर दिया। हालांकि बाद में पुलिस ने हालात को काबू में करने का प्रयास किया और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

एसपी ने संभाला मोर्चा

थानाधिकारी रमेशचंद्र पाटीदार के अनुसार, यह घटना पुरानी रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है। इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और मुकदमे हो चुके हैं। खुद पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस ने हत्या के आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं। आगजनी की घटना के मामले में भी जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Articles you may like: