🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

अभिषेक शर्मा के साथ महिला फैन की हरकत का वीडियो वायरल, मचा विवाद

सोशल मीडिया पर उठी आवाज-खिलाड़ियों के साथ दूरी और सम्मान जरूरी।

By शिखा सिंह

Apr 26, 2026 19:04 IST

जयपुर : अपने पसंदीदा खिलाड़ी के लिए फैंस का उत्साह अक्सर देखने को मिलता है लेकिन इस बार अभिषेक शर्मा के साथ जो हुआ उसने सभी सीमाएं पार कर दीं।

सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर अभिषेक शर्मा को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से पहले एक असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। शनिवार को टीम होटल से बाहर निकलते समय भीड़ के बीच अचानक एक महिला फैन ने उनका हाथ पकड़कर खींच लिया। इतना ही नहीं वह कुछ समय तक उनका हाथ पकड़े रहीं और इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड करती रहीं।

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और इसके बाद उस महिला फैन को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।

वीडियो में साफ दिखाई देता है कि अभिषेक शर्मा भीड़ के बीच आगे बढ़ रहे थे तभी अचानक एक महिला फैन ने उनका हाथ पकड़ लिया। स्थिति को संभालने के लिए तुरंत सुरक्षा कर्मी आगे आए और उस महिला को वहां से हटाया। इस घटना से अभिषेक कुछ पल के लिए हैरान और असहज नजर आए।


वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस घटना की निंदा की है। कई यूजर्स का कहना है कि यह एक तरह की बदसलूकी है और इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। लोगों ने यह भी कहा कि फैंस को अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के प्रति एक मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।

कुछ यूजर्स ने यह सवाल भी उठाया कि अगर कोई पुरुष फैन किसी महिला खिलाड़ी के साथ ऐसा करता तो प्रतिक्रिया और भी तीखी होती।

हालांकि उस महिला की पहचान सामने नहीं आई है। यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @moreofhimshikha नाम के अकाउंट से शेयर किया गया था।

खेल के मैदानों में फैंस द्वारा इस तरह की घटनाएं नई नहीं हैं। कई बार देखा गया है कि फैंस मैदान में घुसकर अपने पसंदीदा खिलाड़ी के पास पहुंच जाते हैं या उनके पैरों पर गिर जाते हैं जिसके बाद उनके खिलाफ कड़ी कारवाई भी होती है। लेकिन इस तरह किसी खिलाड़ी का हाथ पकड़कर खींचने की घटना पहले बहुत कम देखने को मिली है।

Articles you may like: