लिस्बन : क्रिस्टियानो रोनाल्डो जो 41 वर्ष की उम्र में भी दुनिया के किसी भी युवा खिलाड़ी को कड़ी टक्कर देने दे रहे हैं, अपनी फिटनेस और प्रदर्शन से लगातार हैरान कर रहे हैं। आमतौर पर इस उम्र तक अधिकतर फुटबॉलर या तो संन्यास ले लेते हैं या उनका फॉर्म गिरने लगता है लेकिन रोनाल्डो इस मामले में अपवाद बने हुए हैं।
वह आज भी उसी जुनून और भूख के साथ मैदान पर उतरते हैं जैसा अपने करियर की शुरुआत में करते थे। उनकी इस फिटनेस के पीछे एक बेहद सख्त और अनुशासित रूटीन है जिसके बारे में उनके पूर्व शेफ ने भी खुलासा किया है।
वह जिस डाइट का पालन करते हैं वह उनकी फिटनेस बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है। उनकी डाइट में बेहद सीमित और नियंत्रित चीजें शामिल हैं-जैसे मछली और चिकन जैसे लीन प्रोटीन, ताजी सब्जियां, होल ग्रेन्स और हेल्दी फैट्स। नाश्ते में वे अंडे, एवोकाडो और बिना चीनी वाली कॉफी लेते हैं। उनके भोजन में किसी भी तरह के प्रोसेस्ड फूड की कोई जगह नहीं होती।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो चीनी का पूरी तरह से परहेज करते हैं और डेयरी उत्पादों से भी लगभग दूरी बनाए रखते हैं। वे ऐसे भोजन को प्राथमिकता देते हैं जो आसानी से पच सके और उनके खेल प्रदर्शन पर सकारात्मक असर डाले।
उनकी दिनचर्या का एक और महत्वपूर्ण हिस्सा है खाने का तरीका। वे एक बार में भारी भोजन नहीं करते बल्कि दिन में कई बार थोड़ा-थोड़ा खाते हैं। इसका उद्देश्य शरीर में ऊर्जा का संतुलन बनाए रखना, मांसपेशियों की बेहतर रिकवरी और थकान से बचाव करना है। यह तरीका एथलीट्स के लिए बेहद प्रभावी माना जाता है।
इसके अलावा मैच या ट्रेनिंग के बाद रिकवरी पर भी वे विशेष ध्यान देते हैं। उनके लिए सबसे जरूरी चीज नियमित और पर्याप्त नींद है। साथ ही वे पर्याप्त पानी पीते हैं, कोल्ड थैरेपी लेते हैं और आराम को अपनी दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा मानते हैं।