पणजी : अच्छी लय में होने के बावजूद हाल के दिनों में ईस्ट बंगाल एफसी को बड़ा झटका लगा है। चोट और लाल कार्ड की समस्याओं से टीम जूझ रही है। इंडियन सुपर लीग (ISL) के मौजूदा सीजन में अपने नौवें मैच में टीम ओडिशा एफसी का सामना करेगी। यह मुकाबला 28 तारीख को फातोर्डा स्टेडियम में खेला जाएगा। हालांकि यह ईस्ट बंगाल का होम मैच है लेकिन राज्य में चुनाव के कारण इसे गोवा में शिफ्ट किया गया है।
मैच से पहले टीम को एक और बुरी खबर मिली—मिडफील्डर मिगुएल पर दो मैच का प्रतिबंध और आर्थिक जुर्माना लगाया गया है। ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ मैदान पर ही नहीं मानसिक रूप से भी टीम के लिए चुनौतीपूर्ण बन गया है। गोवा रवाना होने से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह मुद्दा प्रमुखता से उठा जहां कोच ऑस्कर ब्रुजो और खिलाड़ी आंतोन सोयबर्ग मौजूद थे।
बेंगलुरु एफसी के खिलाफ पिछले मैच में मिगुएल को मिले लाल कार्ड पर कोच ऑस्कर ब्रुजो ने खुलकर नाराजगी जताई। उन्होंने इस फैसले का विरोध करते हुए कार्ड वापस लेने की मांग की। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि विश्व कप में लियोनेल मेसी के साथ भी इसी तरह की घटना हुई थी लेकिन उन्हें निलंबित नहीं किया गया।
ब्रुजो ने कहा की हमें 17 मिनट तक 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा जो अपने आप में सजा है। 13 मैचों की लीग में 3 मैच का प्रतिबंध देना किसी भी तरह से उचित नहीं है।
मिगुएल के लाल कार्ड और निलंबन को लेकर क्लब के शीर्ष अधिकारी देबब्रत सरकार ने भी असंतोष जताया। क्लब की ओर से सजा कम कराने के लिए फेडरेशन से अपील करने की बात कही गई थी हालांकि बाद में इस निर्णय से पीछे हटने की खबर सामने आई।
मिगुएल की अनुपस्थिति के अलावा चोट और शारीरिक थकान भी टीम के लिए चिंता का कारण है। कोच ने बताया कि मिगुएल के साथ-साथ पहले ही नाओरेम महेश सिंह टीम से बाहर हो चुके हैं। वहीं अनवर अली और मोहम्मद राशिद भी हल्की समस्याओं से जूझ रहे हैं जिसके चलते उनके खेलने को लेकर संशय बना हुआ है। हालांकि कोच का मानना है कि जो खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे वे टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे।
बेंगलुरु एफसी के खिलाफ आखिरी समय में गोल कर टीम को बराबरी दिलाने वाले आंतोन सोयबर्ग आत्मविश्वास से भरे हुए हैं। उन्होंने कहा की एक स्ट्राइकर के तौर पर गोल करना हमेशा खुशी देता है लेकिन कोच मुझे जहां भी खिलाएंगे, मैं टीम के लिए योगदान देने को तैयार हूं।” एशियाई फुटबॉल के साथ तालमेल बैठाने पर उन्होंने बताया कि शुरुआत में मौसम और तापमान के कारण परेशानी हुई लेकिन करीब ढाई महीने बाद अब वह काफी सहज महसूस कर रहे हैं।
आने वाले मुकाबले में वह अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए तैयार हैं लेकिन ओडिशा एफसी को हल्के में लेने के मूड में नहीं हैं।
प्रतिद्वंद्वी ओडिशा एफसी के बारे में कोच ऑस्कर ब्रुजो ने कहा की ओडिशा एक बेहद खतरनाक टीम है। उनकी खेलने की एक खास शैली है। सिर्फ एक विदेशी खिलाड़ी के साथ खेलने के बावजूद उन्होंने पिछले मैच में केरल ब्लास्टर्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। यह बयान ईस्ट बंगाल के लिए साफ चेतावनी है।
रणनीति पर बात करते हुए कोच ने कहा कि परिस्थितियों के अनुसार टीम दो या उससे अधिक स्ट्राइकर के साथ उतर सकती है। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों से भावनाओं पर नियंत्रण रखने को कहा ताकि उकसावे में आकर कोई अनावश्यक कार्ड न देखे।
यह अहम मुकाबला 28 तारीख को भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। टीम प्रबंधन बाकी बचे पांच मैचों को बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है और कोच इस मुकाबले को सीजन का टर्निंग पॉइंट मान रहे हैं।