🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

भवानीपुर में चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: कालीघाट–अलीपुर थानों में नए ओसी तैनात

दूसरे चरण की वोटिंग से पहले कोलकाता पुलिस में बदलाव, 142 अधिकारियों की पहले ही हो चुकी है तैनाती में फेरबदल।

By श्वेता सिंह

Apr 25, 2026 22:28 IST

कोलकाताः पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण से ठीक पहले प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। चुनाव आयोग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से कोलकाता पुलिस के कई थानों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। यह बदलाव खासतौर पर हाई-प्रोफाइल भवानीपुर क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए किया गया है, जहां से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) चुनावी मैदान में हैं।

कालीघाट और अलीपुर थानों में नई तैनाती

कोलकाता पुलिस कमिश्नर की ओर से जारी आदेश के अनुसार कालीघाट थाने में नए थाना प्रभारी (OC) के रूप में गौतम दास की नियुक्ति की गई है। उनके साथ अतिरिक्त ओसी की जिम्मेदारी उत्तम कुमार पाइक को दी गई है। दोनों अधिकारी पहले स्पेशल ब्रांच में कार्यरत थे।

इसी तरह अलीपुर थाने में नए ओसी के रूप में सुब्रत पांडे को तैनात किया गया है, जो पहले साउथ डिवीजन में कार्यरत थे।

दूसरे थानों में भी बदलाव

केवल कालीघाट और अलीपुर ही नहीं, बल्कि उल्टाडांगा महिला थाने में भी नया बदलाव किया गया है। यहां चामेली मुखोपाध्याय को नया प्रभार दिया गया है। वे इससे पहले अलीपुर थाने में अतिरिक्त ओसी के रूप में कार्यरत थीं।

प्रशासनिक स्तर पर इन बदलावों के पीछे आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं बताया गया है, लेकिन इसे चुनाव पूर्व सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद माना जा रहा है।

पहले भी बड़े पैमाने पर हुआ था तबादला

चुनाव अधिसूचना जारी होने के बाद 30 मार्च को चुनाव आयोग ने पहले ही बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए कुल 142 पुलिस अधिकारियों का तबादला किया था।

इस सूची में कालीघाट और भवानीपुर सहित कोलकाता के 31 थानों के अधिकारी शामिल थे। इसके अलावा खुफिया विभाग (DIB) से भी 11 अधिकारियों को हटाया गया था।

चुनावी हिंसा के बाद सख्ती

भवानीपुर में नामांकन जुलूस के दौरान हुई हिंसा के बाद भी चुनाव आयोग ने सख्त कदम उठाए थे। उस घटना के बाद चार पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया था, जिनमें डीसी (2) सहित वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।

दूसरे चरण के मतदान से पहले कोलकाता पुलिस में लगातार हो रहे ये बदलाव चुनावी माहौल की गंभीरता को दर्शाते हैं। भवानीपुर जैसे हाई-प्रोफाइल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

Articles you may like: