🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

घर-आंगन में भीषण आग से अफरातफरी: अपार्टमेंट की छठी मंजिल से 15 लोगों का रेस्क्यू, युवक को कंधे पर उठाकर बचाया

राजस्थान के मुहाना क्षेत्र में एक अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर लगी भीषण आग ने तीन फ्लैटों को चपेट में ले लिया।

By लखन भारती

Apr 25, 2026 19:28 IST

जयपुरः राजस्थान की राजधानी जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। मुहाना मंडी के पास स्थित ‘घर आंगन’ नामक अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर करीब 2:15 बजे एक फ्लैट में आग लगी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि पास के दो अन्य फ्लैट भी इसकी चपेट में आ गए।

अपार्टमेंट में अचानक धुआं फैलने लगा, जिससे रहवासियों को आग लगने की जानकारी मिली। धुएं के कारण लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया और कई लोग अपने फ्लैट्स में ही फंस गए। सूचना मिलते ही मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

एसएचओ गुर भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए छठी मंजिल से लेकर दूसरी मंजिल तक फंसे करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग के चलते अपार्टमेंट की बिजली वायरिंग पूरी तरह जल गई थी, ऐसे में बिजली सप्लाई तुरंत बंद करवाई गई ताकि हादसा और न बढ़े।

रेस्क्यू के दौरान एक युवक सीढ़ियों के पास धुएं के कारण बेहोश होकर गिर पड़ा। इस स्थिति में हेड कॉन्स्टेबल कान सिंह ने साहस दिखाते हुए युवक को अपने कंधे पर उठाया और उसे सुरक्षित बाहर लेकर आए। करीब 10 मिनट बाद युवक को होश आया, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

इस बीच सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। दमकल की एक गाड़ी की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया गया। करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, इस हादसे में एक फ्लैट पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जबकि दो अन्य फ्लैटों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

Articles you may like: