🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

स्कूली छात्रा से गैंगरेप: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस को मोबाइल से मिले चौंकाने वाले सुराग

पुलिस अब फरार चल रहे अन्य दो आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

By लखन भारती

Apr 25, 2026 16:02 IST

राजस्थान के अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। जहां 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा का अपहरण कर उसके साथ गैंगरेप किया गया। इस सनसनीखेज मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल सैनी को गिरफ्तार कर लिया है। राहुल की गिरफ्तारी के बाद उसके मोबाइल से कई संदिग्ध और आपत्तिजनक चीजें बरामद हुई हैं जो जांच का मुख्य आधार बन रही हैं।

स्कूल जाते समय रास्ते से किया अपहरण

पीड़िता के भाई द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार यह खौफनाक वारदात गुरुवार सुबह तब हुई जब छात्रा पैदल स्कूल जा रही थी। रास्ते में एक बोलेरो गाड़ी में आए दो युवकों ने जबरन उसे गाड़ी में खींच लिया। आरोपियों ने पीड़िता के हाथ बांध दिए और आंखों पर पट्टी बांध दी। रास्ते में उन्होंने अपने एक और साथी को गाड़ी में बिठाया और छात्रा को किसी अज्ञात सुनसान जगह पर बने कमरे में ले गए।

दरिंदगी के बाद दी जान से मारने की धमकी

अज्ञात स्थान पर ले जाकर तीनों आरोपियों ने नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। दरिंदगी की हदें पार करते हुए उन्होंने पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए। आरोपियों ने छात्रा को धमकाया कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो उसके भाई को जान से मार देंगे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्रा को दोपहर करीब 1 बजे उसी जगह के पास छोड़कर भागने लगे जहां से उसे उठाया था।

आक्रोशित ग्रामीणों ने फूंकी गाड़ी

अपहरण की खबर जैसे ही गांव में फैली भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। जब आरोपी पीड़िता को छोड़ने आए और भीड़ को देखा तो वे अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। गुस्से से भरी भीड़ ने आरोपियों की बोलेरो गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही रैणी पुलिस मौके पर पहुंची और जली हुई गाड़ी को अपने कब्जे में लिया।

पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपियों की तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए राजगढ़ डीएसपी मनीषा मीना खुद जांच की कमान संभाल रही हैं। पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल मुआयना और कोर्ट में बयान दर्ज करवा दिए हैं। पकड़े गए आरोपी राहुल सैनी के साथ इस घिनौनी वारदात में शामिल बाकी दो युवक दौसा जिले के बसवा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक के अनुसार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे।


Articles you may like: