शनिवार की दोपहर को संतोषपुर स्टेशन के पास तेज आग लग गयी। बताया जाता है कि सोलह बिघा बस्ती की झोपड़ी में यह आग लगी थी। इस वजह से बजबज-सियालदह शाखा पर ट्रेन सेवाएं काफी बाधित हुई। आग की लपटे इतनी ऊंची थी कि ओवरहेड तार भी पिघल गया।
पूरा इलाका घने काले धुएं की मोटी परत से ढंक गया। आग को नियंत्रित करने के लिए मौके पर दमकल की 4 इंजन पहुंच चुकी है। बताया जाता है कि जरूरत होने पर इंजन की संख्या को और बढ़ाया जा सकता है।
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवराम माजी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पावर ऑफ कर दिया गया है। इस वजह से ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद है। आग जैसे ही नियंत्रित हो जाएगी और परिस्थिति सामान्य हो जाएगी तुरंत यात्री सेवाओं को फिर से शुरू कर दिया जाएगा।
Read Also | हावड़ा में होमियोपैथ डॉक्टर की हत्या के आरोप में नौकरानी गिरफ्तार
बता दें, यह झोपड़ी संतोषपुर स्टेशन से बिल्कुल सटा हुआ है। यह महेशतला विधानसभा केंद्र के अधीन आता है। दोपहर करीब 1.45 बजे आग लगने की जानकारी मिली। बताया जाता है कि इस झोपड़ी में करीब 50 से 60 कमरे हैं। प्राथमिक तौर पर इन कमरों में रहने वाले लोगों ने ही आग बुझाने की कोशिशें शुरू की। बाद में दमकल के इंजन मौके पर पहुंचे। हालांकि इलाका में घनी आबादी होने की वजह से दमकल को अंदर प्रवेश करने में काफी मुश्किलें हुई।
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रेललाइन के ऊपर लगा हाई टेंशन तार तक पिघल गया। प्राथमिक रूप से मिली जानकारी के अनुसार प्लेटफार्म या फिर ट्रेन में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। हालांकि आग लगने और पावर ऑफ कर देने के कारण ट्रेन सेवाएं बाधित हुई हैं जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।