🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

तेज और चिलचिलाती धूप के साथ परेशान करेगी उमस वाली गर्मी, कब बारिश की बूंदें दिलाएगी राहत?

कोलकाता में आद्रता की मात्रा करीब 89 प्रतिशत रहने की संभावना जतायी गयी है जिसका मतलब है कि उमस वाली गर्मी लोगों को परेशान करने वाली है।

By Moumita Bhattacharya

Apr 24, 2026 10:42 IST

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का पहला चरण सम्पन्न हो चुका है। छिटपुट घटनाओं को छोड़ कहीं भी हिंसा की कोई बड़ी घटना सामने नहीं आयी है। बात अगर मतदान की करें तो आजादी के बाद पहली बार बंगाल में बम्पर वोटिंग हुई है। लेकिन पहले चरण के मतदान के दौरान बांकुड़ा, मिदनापुर समेत राज्य के 6 जिलों में करीब 7 लोगों की मौत गर्मी और हिट स्ट्रोक की वजह से होने की खबरें सामने आयी हैं।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात को न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं दिन का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस अधिक बताया जाता है।

शुक्रवार को कोलकाता में आद्रता की मात्रा करीब 89 प्रतिशत रहने की संभावना जतायी गयी है जिसका मतलब है कि उमस वाली गर्मी लोगों को परेशान करने वाली है। मौसम विभाग का कहना है कि भीषण गर्मी से दक्षिण बंगाल के जिलों में रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं उत्तर बंगाल के समतल वाले क्षेत्रों से सटे जिलों में भी तेज गर्मी और आद्रता परेशान कर सकती है। हालांकि शाम के समय कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना भी जतायी गयी है।

कैसा रहेगा दक्षिण बंगाल का मौसम?

पश्चिमांचल के जिलों में गर्मी बढ़ने की संभावना जतायी गयी है। शुक्रवार को भी बांकुड़ा, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम में लू के थपेड़े सहने पड़ेंगे। इसके साथ ही मुर्शिदाबाद, नदिया, दोनों 24 परगना, कोलकाता, हावड़ा और हुगली में आद्रता अधिक होने की वजह से उमस महसूस होगी।

बताया जाता है कि 29 अप्रैल तक ऐसी ही परिस्थिति बनी रह सकती है। अगले सप्ताहांत में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने और हल्की आंधी की संभावना जतायी गयी है जिसके बाद तपती गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना जतायी गयी है। वहीं बात अगर कोलकाता की करें तो यहां सुबह के समय में हल्के बादल छाए रह सकते हैं लेकिन दिन चढ़ने के साथ गर्मी का प्रकोप भी बढ़ेगा। इस सप्ताह के अंत में कोलकाता में भी हल्की बारिश होने की संभावना है।

उत्तर बंगाल में मौसम

शुक्रवार को उत्तर बंगाल के कई जिलों दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कुचबिहार में हल्की आंधी के साथ वज्रपात और बारिश होने की संभावना जतायी गयी है। पर्वतीय इलाकों में भी बारिश होने की संभावना जतायी जा रही है।

Articles you may like: