🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

दिल्ली मर्डर केस: IRS अधिकारी की बेटी की हत्या के आरोपी को 4 दिन की पुलिस हिरासत

दिल्ली पुलिस ने बताया जघन्य अपराध, अभियुक्त पर कई गंभीर आरोप।

By शिखा सिंह

Apr 23, 2026 18:32 IST

नई दिल्ली : दिल्ली की एक अदालत ने एक सनसनीखेज हत्या मामले में आरोपी 19 वर्षीय घरेलू सहायक राहुल मीणा को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। उस पर एक वरिष्ठ भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी की बेटी की हत्या का आरोप है। सुनवाई के दौरान आरोपी ने अदालत में कहा की मुझसे अपराध हो गया… गलती हो गई।

यह आदेश न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपिका ठकरान ने गुरुवार को दिया। उन्होंने दिल्ली पुलिस की उस याचिका को स्वीकार किया जिसमें आरोपी से चार दिन तक हिरासत में पूछताछ की अनुमति मांगी गई थी। आरोपी को दोपहर करीब 2:30 बजे अदालत में पेश किया गया उस समय उसका चेहरा कपड़े से ढका हुआ था और अदालत कक्ष खचाखच भरा हुआ था।

सुनवाई के दौरान मजिस्ट्रेट ने मेडिकल लीगल रिपोर्ट (एमएलसी) में दर्ज चोटों के बारे में आरोपी से सवाल किया। इस पर उसने जवाब दिया कि उसे ये चोटें छत से नीचे उतरते समय लगीं। आगे पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उससे अपराध और गलती हुई है।

जब अदालत ने उससे अपराध का कारण पूछा तो आरोपी ने कहा कि उसे लॉकर खोलने के लिए मृतका के फिंगरप्रिंट की जरूरत थी।

जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी ने कथित रूप से पीड़िता के बेहोश होने की स्थिति में उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसे नीचे घसीट कर लाया। इसके बाद उसने उसके फिंगरप्रिंट का उपयोग कर लॉकर खोलने की कोशिश की। जब वह इसमें सफल नहीं हुआ तो उसने पेचकस की मदद से लॉकर तोड़ा और उसमें रखी नकदी तथा आभूषण चोरी कर लिए।

हालांकि अदालत ने स्पष्ट किया कि आरोपी द्वारा कही गई बातें औपचारिक स्वीकारोक्ति (कन्फेशन) के रूप में दर्ज नहीं मानी जाएंगी।

दिल्ली पुलिस ने अपनी रिमांड अर्जी में इस मामले को “जघन्य अपराध” बताते हुए कहा कि विस्तृत जांच के लिए आरोपी से हिरासत में पूछताछ जरूरी है। अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि जांच के दौरान पीड़िता का मोबाइल फोन बरामद करना, आरोपी के घर में प्रवेश और बाहर निकलने के रास्ते को फिर से तैयार करना और यह पता लगाना आवश्यक है कि क्या इस अपराध में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।

अभियोजन ने यह भी कहा कि अलवर में भी आरोपी के खिलाफ इसी तरह का एक मामला जांच के दायरे में है।

बताया जा रहा है कि 22 वर्षीय पीड़िता जो एक आईआईटी स्नातक थी। हत्या कैलाश हिल्स स्थित उसके घर में बुधवार सुबह की गई। इस घटना से कुछ घंटे पहले आरोपी और उसके साथियों ने राजस्थान के अलवर में एक अन्य महिला के साथ भी दुष्कर्म किया था।

Articles you may like: