पिछले दिनों झारग्राम में सड़क के किनारे एक छोटी सी दुकान से झालमुड़ी का स्वाद चखते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। इस वीडियो को लेकर तृणमूल ने भी पीएम मोदी पर कटाक्ष किया था। गुरुवार को नदिया के कृष्णनगर की सभा से व्यंग्य करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने कहा कि झालमुड़ी मैंने कहा और मिर्ची तृणमूल को लग गयी।
झारग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'झालमुड़ी ब्रेक' पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनपर तीखा वार करते हुए कहा था कि झालमुड़ी तो खाया, मछली खाकर दिखाएं।
वहीं तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने अलग अंदाज में ही हमला बोलते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था कितनी अच्छी है इससे ही समझ में आता है। अगर ऐसा नहीं होता तो क्या प्रधानमंत्री घूम-घूम कर झालमुड़ी खा पाते?
Read Also | WB Election 2026 Live : 16 जिलों में शुरू हुआ पहले चरण का मतदान, यहां जानिए लेटेस्ट अपडेट
प्रधानमंत्री मोदी ने इन कटाक्षों का जवाब नहीं दिया लेकिन उन्होंने अपने अंदाज में ही तृणमूल पर हमला बोला। गुरुवार को जहां बंगाल में पहले चरण का मतदान हो रहा है वहीं दूसरी तरफ कृष्णनगर की सभा को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि सुनने में आया कि झालमुड़ी को लेकर कुछ-कुछ लोगों को झटका लगा है।
मैंने खाया और मिर्ची तृणमूल को लगी। इतना ही नहीं उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि 4 मई को चुनाव का रिजल्ट घोषित होने के बाद सिर्फ मिठाई नहीं बल्कि झालमुड़ी भी वितरित की जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 50 सालों में ऐसा दृश्य कहीं नहीं दिखा है। बंगाल के चुनाव में इस बार सबसे कम हिंसा हुई है। उन्होंने कहा कि जहां भी इतनी भारी संख्या में मतदान हो रही है, वहां भाजपा जीत रही है। इस बार भी भाजपा जीतेगी।
महिला आरक्षण बिल को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने तृणमूल पर हमला बोला। विरोधियों ने एक साथ मिलकर लोकसभा में इस बिल को पास होने से रोक दिया। गुरुवार को तृणमूल पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि तृणमूल नहीं चाहती है कि बंगाल की बेटियों को लोकसभा में जगह मिले। बंगाल की मां-बहनें ही सजा देगी।
कृष्णनगर में बड़ी संख्या में मतुआ समुदाय के लोग मौजूद हैं। उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि आपको कोई नहीं छू सकेगा। और भी तेज गति से CAA में नागरिकता दी जाएगी।