मुर्शिदाबाद के नवदा में बूथ नंबर 173 में आम जनता उन्नयन पार्टी के नेता हुमायूं कबीर के एजेंट को बैठने से रोकने का आरोप लगाया जा रहा है। इस घटना को केंद्र कर मतदान केंद्र पर काफी हंगामा मच गया है। हुमायूं कबीर खेमे ने तृणमूल पर आरोप लगाया है। वहीं तृणमूल ने भी पलटवार करते हुए आरोप लगाया है कि बुधवार की रात को नवदा में जिन लोगों ने बमबाजी की थी उन्हें साथ में लेकर हुमायूं कबीर मतदान केंद्रों पर घूम रहे हैं।
मौके पर हुमायूं कबीर के पहुंचने के बाद परिस्थिति और भी अनियंत्रित हो गयी। बात धक्कामुक्की से बढ़कर हाथापाई पर पहुंच गयी। परिस्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस और केंद्रीय बल के जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में हुमायूं कबीर ने चेतावनी के लहजे में कहा, '4 मई को पूरा हिसाब होगा।'
Read Also | WB Election 2026 Live : 16 जिलों में शुरू हुआ पहले चरण का मतदान, यहां जानिए लेटेस्ट अपडेट
नवदा ब्लॉक के तृणमूल अध्यक्ष शफिउज्जामान शेख ने आरोप लगाते हुए कहा कि जिन लोगों ने कल (बुधवार) बमबाजी की थी, हुमायूं उन्हीं को साथ लेकर घूम रहे हैं जिन्होंने हमारे लोगों को मारा। और अब कह रहे है कि एजेंटों को बैठने नहीं दिया जा रहा? किसने किसके एजेंट को बैठने नहीं दिया, मुझे बताया जाए। बुधवार को हमारे कार्यकर्ताओं के घर तोड़े गए, हमारे कार्यकर्ताओं के हाथ-पैर तोड़े गए। ये सब हुमायूं ही करवा रहा है।
मौके पर हुमायूं कबीर के पहुंचते ही स्थिति और ज्यादा तनावपूर्ण हो गई। तृणमूल के साथ उनके दल के कार्यकर्ताओं की धक्का-मुक्की शुरू हो गई। केंद्रीय बलों की मौजूदगी में ही पुलिस को उंगली दिखाकर धमकाने का भी आरोप लगाया गया। इसके बाद हुमायूं कबीर बीच सड़क पर कुर्सी लगाकर बैठ गए और कहा कि वह नवदा छोड़कर नहीं जाएंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चुनाव आयोग नवदा पर अपनी नजरें बनाए हुए है। अगर परिस्थिति शांत नहीं हुई तो कड़े कदम उठाए जाएंगे।