पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की सारी उम्मीदें महिलाओं मतदाताओं पर ही टिकी हुई है। यह बात एक बार फिर से तब साबित हुई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले चरण के मतदान के लिए मतदाताओं को उत्साहित करते हुए अपने X हैंडल पर पोस्ट किया।
उन्होंने अपने संदेश में विशेष रूप से महिलाओं को अधिक से अधिक संख्या में वोट करने का आह्वान किया है। खास बात यह रही कि उन्होंने अपना यह पोस्ट अंग्रेजी भाषा के साथ-साथ बांग्ला में भी शेयर किया है। महिलाओं के साथ-साथ उन्होंने समाज के युवाओं से भी आगे आने और वोट करने का अनुरोध किया है।
पहले चरण की मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शुरू हो चुकी है। मतदान केंद्रों पर धीरे-धीरे भीड़ जमना भी शुरू हो गया है। अपने पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा है कि सभी नागरिकों से पूरे जोश के साथ गणतंत्र के इस उत्सव में हिस्सा लेने का आह्वान करता हूं। इसके बाद उन्होंने लिखा कि खासतौर पर युवा साथियों और पश्चिम बंगाल की महिलाओं से भारी संख्या में वोट करने का अनुरोध कर रहा हूं।
गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस की 'लक्ष्मी भंडार' परियोजना के तर्ज पर भाजपा ने भी अपने चुनावी घोषणापत्र में 'अन्नपूर्णा भंडार' शुरू करने की घोषणा की है।
Phase 1 of the West Bengal Assembly elections takes place today. I urge all citizens to participate in this festival of democracy with full strength. I especially appeal to my young friends and to the women of West Bengal to vote in large numbers.
— Narendra Modi (@narendramodi) April 23, 2026
बता दें, राज्य में पहले चरण का चुनाव 16 जिलों के 152 सीटों पर हो रहा है। चुनाव आयोग सूत्रों के हवाले से बताया जाता है कि कुल 44 हजार 376 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 1478 मतदाताओं की किस्मत का फैसला आज मतदाता EVM में बंद करेंगे। इनमें से महिला प्रत्याशियों की संख्या 167 बतायी जाती है। आयोग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आकार में सबसे छोटा विधानसभा केंद्र सिलीगुड़ी है जो 41.9 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। वहीं सबसे बड़ा विधानसभा केंद्र कालिम्पोंग है।
बात अगर मतदाताओं की करें तो पहले चरण में जिन 16 जिलों में मतदान हो रहा है उनमें सबसे कम मतदाता मुर्शिदाबाद के शमशेरगंज में रजिस्टर्ड हैं। यहां कुल मतदाताओं की संख्या 1 लाख 61 हजार बतायी जाती है। वहीं सबसे अधिक मतदाता पश्चिम मिदनापुर के दासपुर में रजिस्टर्ड हैं जहां 2 लाख 96 हजार से कुछ अधिक वोटर हैं।