हल्दियाः पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गर्माते ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पूर्व मेदिनीपुर के हल्दिया में एक बड़ी जनसभा के जरिए विकास और राजनीतिक संदेश दोनों को एक साथ सामने रखा।
मंगलवार को सुताहाटा स्थित आजाद हिंद क्रीड़ांगन में आयोजित इस रैली में ममता बनर्जी ने उद्योग और कृषि को राज्य के विकास के दो मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा, “उद्योग और कृषि मेरे दो भाई-बहन हैं।” उन्होंने साफ किया कि उनकी सरकार इन दोनों क्षेत्रों को समान प्राथमिकता देती रहेगी। उन्होंने कहा, “अगर आप मेदिनीपुर को किसी गद्दार के हाथों में नहीं सौंपना चाहते हैं, तो जोड़ाफूल (तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिन्ह) को वोट दें।”
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया कि हल्दिया को औद्योगिक हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां करीब 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। उन्होंने बताया कि इंडियन ऑयल कार्पोरेशन (Indian Oil Corporation) को नई जमीन दी गई है, वहीं हल्दिया इमामी सहित कई खाद्य तेल कारखाने स्थापित हुए हैं और एक नई बैटरी फैक्ट्री भी शुरू की गई है।
रैली में ममता बनर्जी ने अपनी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि “लक्ष्मी भंडार”, छात्रों को स्मार्टफोन, “स्वास्थ्य साथी” योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर और मछुआरों के लिए सुरक्षा जैसी योजनाएं सीधे लोगों को लाभ पहुंचा रही हैं।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि हल्दिया, फरक्का और कोलकाता बंदरगाहों की ड्रेजिंग नहीं की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार हल्दिया को देश का नंबर वन इंडस्ट्रियल डेस्टिनेशन बनाने के लिए काम कर रही है।
अपने भाषण में उन्होंने विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी का नाम लिए बिना उन पर तीखा हमला बोला। ममता ने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं ने सत्ता में रहते हुए उद्योगों और मजदूरों से पैसे वसूले और अब उनके खिलाफ राजनीतिक रूप से जवाब दिया जाएगा।
नंदीग्राम आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि उस समय के कई आंदोलनकारी आज भी लापता हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि 2021 के चुनाव में नंदीग्राम में हुई कथित अनियमितताओं का मामला अभी भी अदालत में लंबित है। आगामी चुनावों को लेकर ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने का संदेश दिया और कहा कि इस बार किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।