कोलकाताः पश्चिम बंगाल के हल्दिया में आयोजित चुनावी सभा के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बड़ा राजनीतिक संकेत देते हुए कहा कि आने वाले समय में मिदनापुर क्षेत्र की जिम्मेदारी तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी संभालेंगे। उन्होंने मंच से साफ कहा, “आने वाले दिनों में मिदनापुर की जिम्मेदारी अभिषेक ही संभालेंगे।”
सभा में ममता बनर्जी ने नंदीग्राम के विधायक और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी का नाम लिए बिना उन पर तीखा हमला किया और उन्हें “गद्दार” कहकर संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय संसाधनों और आर्थिक गतिविधियों को लेकर कई सवाल खड़े हैं और इनकी जांच की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि पिछले चुनावों के दौरान नंदीग्राम में गड़बड़ी और लोडशेडिंग जैसी घटनाओं के जरिए चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश हुई थी। उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी मतगणना के दौरान भी ऐसी स्थिति दोहराई जा सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
सभा में ममता बनर्जी ने अधिकारी परिवार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक प्रभाव और आर्थिक लेन-देन को लेकर कई गंभीर सवाल मौजूद हैं। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष तरीके से काम करने की अपील भी की। हल्दिया की इस सभा में ममता बनर्जी ने एक ओर संगठनात्मक जिम्मेदारी का नया संकेत दिया, वहीं दूसरी ओर विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला भी किया, जिससे मिदनापुर की राजनीति और गर्मा गई है।