गांधीनगर/भुवनेश्वर : गुजरात के दाहोद में एक शादी समारोह के बाद फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। सोमवार शाम आयोजित इस समारोह में करीब 300 से 400 लोग शामिल हुए थे। कार्यक्रम के कुछ घंटे बाद कई लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। रात करीब 11 बजे से लोगों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई।
बीमार लोगों को तुरंत दाहोद के जाइडस अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के डॉक्टर राजीव डामोर के अनुसार अस्पताल प्रशासन को पहले ही सूचना मिल गई थी कि बड़ी संख्या में मरीज आ सकते हैं इसलिए बेड और आपात सेवाओं की तैयारी कर ली गई थी। फिलहाल 50 से 60 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं और सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही है।
इसी बीच ओडिशा में भी फूड पॉइजनिंग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां मयूरभंज जिले के एक आश्रम स्कूल हॉस्टल में दूषित भोजन खाने से एक 12 वर्षीय छात्रा रूपाली बेसरा की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है।
अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। गुस्साए लोगों ने पुलिस वाहन पर पटाखे फेंके और विरोध प्रदर्शन किया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस झड़प में करीब 20 पुलिसकर्मी और 10 ग्रामीण घायल हुए।
प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। स्कूल के प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है। वहीं जिला प्रशासन ने मृतक छात्रा के परिवार को 7 लाख रुपये और मुख्यमंत्री की ओर से अतिरिक्त 3 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। हालांकि ग्रामीणों ने इसे नाकाफी बताते हुए अधिक मुआवजे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन ने लापरवाही स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।