🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

गूगल सर्च में धमाल मचा रही है बंगाल की 'झालमुड़ी', जानिए लोगों ने क्या-क्या किया Search?

दावा किया जा रहा है कि पिछले 22 सालों में पहली बार 'झालमुड़ी' को इतना ज्यादा गूगल पर सर्च किया गया है।

By Moumita Bhattacharya

Apr 21, 2026 12:11 IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'झालमुड़ी' का स्वाद क्या चखा, गूगल पर तो इसने पुराने सारे रिकॉर्ड ही तोड़ डाले। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण से पहले प्रधानमंत्री मोदी झारग्राम जिले में सभा को संबोधित करने पहुंचे थे।

सभा को संबोधित कर वापस लौटते समय उन्होंने सड़क के किनारे मौजूद एक छोटी सी दुकान पर अपना काफिला रुकवाया और दुकानदार से झालमुड़ी बनाकर देने के लिए कहा। इसका वीडियो और फोटो उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल से शेयर भी किया। बस फिर क्या था!

जिस दुकान से उन्होंने झालमुड़ी खरीदकर खायी न सिर्फ वह दुकानदार बल्कि इसका वीडियो पर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। पिछले दो दिनों से गूगल सर्च में भी'झालमुड़ी' ही छाया हुआ है। पीएम मोदी का वीडियो वायरल होने के बाद गूगल सर्च पर 'झालमुड़ी' का ट्रैफिक पिछले कई सालों में अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है।

Read Also | चुनावी रैली के बाद PM मोदी का छोटा सा 'झालमुड़ी ब्रेक', कितने की खरीदी झालमुड़ी? देखें Video

सोशल मीडिया पर खूब देख रहे हैं वीडियो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम प्रोफाइल से झारग्राम के 'झालमुड़ी' की दुकान का जो वीडियो शेयर किया है उसे अब तक लाखों की संख्या में लोगों ने देख लिया है। Money Control की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार वीडियो शेयर करने के 24 घंटे के अंदर ही इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ (100 मिलीयन) और फेसबुक पर करीब 90 मिलीयन लोगों ने देख लिया था।

आसमान छू रहा है गूगल सर्च ट्रैफिक

किसी भी कीवर्ड या टॉपिक को गूगल 0 से 100 के पैमाने पर मापता है और समाचार लिखे जाने तक गूगल सर्च में 'झालमुड़ी' का सर्चिंग पैमाना 100 बना हुआ है। इसका मतलब है कि पिछले कुछ समय में गूगल पर भारत में सबसे ज्यादा अगर कुछ सर्च किया गया है तो वह है 'झालमुड़ी'।

झारग्राम में झालमुड़ी की दुकान पर पीएम मोदी Facebook/Narendra Modi


गूगल ट्रेंड्स के पास साल 2004 से डाटा मौजूद है। 2026 में 'झालमुड़ी' की सर्चिंग बढ़ने से पहले मात्र 2 बार ऐसा हुआ है जब गूगल पर इसे जमकर सर्च किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि पिछले 22 सालों में पहली बार 'झालमुड़ी' को इतना ज्यादा गूगल पर सर्च किया गया है।

NDTV की मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक फरवरी 2022 और अप्रैल 2026 में इसे सबसे ज्यादा सर्च किया गया है। फरवरी 2022 में 'झालमुड़ी' पर गाना आया था जिसके बाद इसे गूगल पर खोजा गया था।

झारग्राम की दुकान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'झालमुड़ी' खाने के बाद इसकी सर्च एक बार फिर से बढ़ गयी है। 20 अप्रैल की रात 9 बजे के बाद इसकी सर्चिंग का स्तर 100 पर पहुंच गया है।

Read Also | PM मोदी के 'झालमुड़ी ब्रेक' पर ममता बनर्जी ने कसा तंज, कहा - उनके पॉकेट में ₹10 रहता है क्या?

झालमुड़ी के अलावा और क्या-क्या किया गया सर्च?

गूगल पर लोग 'झालमुड़ी' के अलावा और भी कई कीवर्ड सर्च कर रहे हैं। गूगल ट्रेंड्स के मुताबिक इसमें सबसे ज्यादा 'jhalmuri modi' कीवर्ड को सर्च किया जा रहा है। इसके साथ ही 'झालमुड़ी', 'pm modi', 'pm modi jhalmuri', 'jhargram' और 'jhalmuri recipe' को सर्च किया जा रहा है। बड़ी संख्या में लोगों को बंगाल की झालमुड़ी का मतलब पता नहीं है इसलिए गूगल पर काफी लोगों ने 'jhalmuri meaning' और 'what is jhalmuri' भी सर्च किया।

बता दें, झारग्राम में चुनावी रैली को संबोधित कर वापस लौटते समय पीएम मोदी ने सड़क के किनारे मौजूद एक छोटी सी झालमुड़ी की दुकान पर अपनी गाड़ी रुकवायी। यह दुकान विक्रम साऊ की थी। पीएम मोदी को अचानक अपने सामने देखकर विक्रम हक्का-बक्का रह गया था।

दुकानदार ने जब पीएम मोदी से पूछा कि क्या वह प्याज खाएंगे तो उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा था, 'हां, प्याज खाते हैं... दिमाग नहीं खाते बस।' इसके बाद पीएम मोदी ने अपनी जेब से 10 रुपए का एक नोट निकाल कर दुकानदार को दिया। शुरुआत में तो विक्रम ने उसे लेने से इनकार कर दिया लेकिन प्रधानमंत्री ने जबरदस्ती उसे रुपए दे दिए।

हालांकि बाद में मीडिया से बात करते हुए विक्रम ने बताया कि पीएम मोदी का काफिला वहां पहुंचने से पहले काले रंग की ड्रेस में एक व्यक्ति उसकी दुकान पर आया था जिसने पहले झालमुड़ी बनाकर देने के लिए कहा। झालमुड़ी खाने के बाद उस व्यक्ति ने दूर खड़े कुछ अन्य व्यक्तियों को इशारा किया और उसकी दुकान के सामने प्रधानमंत्री के दौरे की वजह से लगायी गयी बांस की बैरिकेड को खोल दी गयी। इसके थोड़ी देर बाद ही पीएम मोदी का काफिला वहां पहुंचा।

Articles you may like: