चुनाव प्रचार में झारग्राम आएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सड़क के किनारे मौजूद एक छोटे से दुकान में बंगाल की प्रसिद्ध 'झालमुड़ी' का स्वाद चखा। रविवार को सड़क के किनारे बने इस छोटे से दुकान में आराम से झालमुड़ी खाते देश के प्रधानमंत्री को देखकर हर कोई हैरान हो गया।
हालांकि बंगाल में ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले अलग-अलग जिलों के दौरों पर गयी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अक्सर इसी अंदाज में जनसंपर्क बढ़ाते हुए देखा जा चुका है।
लेकिन चुनाव प्रचार के लिए बंगाल पहुंचे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी हल्के-फुल्के मिजाज में जनसंपर्क बढ़ाते हुए देखा गया। गौरतलब है कि रविवार को झारग्राम स्टेडियम में पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित किया। सभा के अंत में गाड़ी से हेलीपैड की ओर जाते समय झारग्राम के कॉलेज मोड़ पर उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाई। गाड़ी से उतरकर सीधी विक्रम साव की झालमुड़ी की दुकान में चले गए।
In between four rallies across West Bengal on a packed Sunday, had some delicious Jhalmuri in Jhargram. pic.twitter.com/NEKLm5R0mE
— Narendra Modi (@narendramodi) April 19, 2026
अपने सामने देश के प्रधानमंत्री को खड़ा देखकर विक्रम तो हक्का-बक्का ही रह गया था। तब तक आसपास से काफी लोग अपना-अपना कैमरा लेकर भी उस ओर दौड़ पड़े। स्थानीय निवासियों की भी अच्छी-खासी भीड़ जमा हो गयी। सड़क के किनारों पर रहने वाली महिलाएं भी प्रधानमंत्री को वहां रुकता देख उस तरफ दौड़ कर पहुंची। दुकान में प्रवेश करते ही पीएम मोदी ने सीधे विक्रम साव से कहा, 'भाई हमें अपना झालमुड़ी खिलाओ। कितने का होता है झालमुड़ी?'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका एक वीडियो अपने सोशल मीडिया पेज से शेयर भी किया है, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा है - Jhalmuri break in Jhargram!
झालमुड़ी की सिर्फ कीमत पूछकर ही वह नहीं रुक गए बल्कि अपनी जेब से 10 रुपया का एक नोट निकालकर भी उन्होंने विक्रम साव की तरफ बढ़ाया। हालांकि विक्रम रुपया लेना नहीं चाहते थे और प्रधानमंत्री भी रुपए दिए बगैर मानने वाले नहीं थे। विक्रम ने पीएम मोदी से पूछा कि मुड़ी में उन्हें प्याज चाहिए या नहीं? जवाब में प्रधानमंत्री ने कहा, 'हां प्याज खाता हूं। दिमाग नहीं खाते हैं बस।' इसके बाद वहां ठहाके गूंज उठे।
Jhalmuri break in Jhargram! pic.twitter.com/LJNjEojAW4
— Narendra Modi (@narendramodi) April 19, 2026
प्रधानमंत्री को अपनी दुकान में पाकर विक्रम फुला नहीं समा रहा है। मीडिया से बात करते हुए उसने बताया कि प्रधानमंत्री ने आकर मुझसे मेरा नाम पूछा। इसके बाद कहा कि झालमुड़ी बनाओ। उन्होंने खाया भी। उन्हें मुड़ी बहुत पसंद आयी। बच्चों को भी उन्होंने खिलाया। उन्होंने मेरे माता-पिता का नाम पूछा। साथ ही उन्होंने पूछा कि झालमुड़ी बेचकर महीने में कितना कमा लेता हूं।
झालमुढ़ी खाकर जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी का काफिला आगे बढ़ा विक्रम साव की दुकान में लोगों की भीड़ जुट गयी। कोई छोटी बात तो नहीं है। उनकी दुकान से प्रधानमंत्री ने रुपए खर्च कर मुड़ी खरीदी और खायी है। अब तो विक्रम साव किसी VIP से कम थोड़े ही हैं। उनकी दुकान पर इलाके के भाजपा नेताओं की भी काफी भीड़ नजर आ रही थी।