प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांकुड़ा की सभा से चुनाव से पहले ही आत्मसमर्पण की चेतावनी दी है। उन्होंने तृणमूल पर निशाना साधते हुए उक्त बयान दिया। इसके बाद दक्षिण 24 परगना के सागर में सभा को संबोधित करते हुए तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने करारा जवाब दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री धमका रहे हैं। वह यहां आकर कह रहे हैं कि सबको जेल में भर देंगे। मैं प्रधानमंत्री से कहूंगा कि आप शांत हो जाएं। दिमाग ठंडा रखें। अब समझ में आ गया है कि SIR से भी काम नहीं बनने वाला है।
प्रधानमंत्री मोदी के गुंडाराज और माफियाराज वाले बयान पर अभिषेक बनर्जी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें समझ में आ गया है कि SIR, हाई कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट, केंद्रीय बल, चुनाव आयोग को काम में लगाकर भी कोई फायदा नहीं हुआ है। बंगाल की जनता ने कह दिया है कि इस बंगाल में फिर से ममता बनर्जी की ही सत्ता होगी।
Read Also | I-PAC के मुद्दे पर आखिरकार ममता बनर्जी ने दिया बयान, 'हम उन्हें नौकरी देंगे'
उन्होंने आगे कहा कि अगर बंगाल से सच में प्यार करते हैं तो बकाया रुपया लोगों के बैंक अकाउंट में पहुंचा दें। अगर बंगाल में परिवर्तन ही चाहते हैं तो चुनाव के बाद क्यों? अभी तो केंद्र में आपकी सरकार है, महिलाओं के अकाउंट में रुपए भेजे, युवकों के अकाउंट में रुपए भेजे, मछुआरों के अकाउंट में रुपए भेजे।
बता दें, सागर विधानसभा केंद्र के तृणमूल प्रत्याशी बंकिम हाजरा के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए अभिषेक बनर्जी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सागर विधानसभा केंद्र के साथ-साथ गोसाबा, नामखाना और कैनिंग इलाके में कौन-कौन से विकास कार्य हुए हैं, उस बारे में पूरा ब्यौरा दिया। साथ ही अगले दो सालों में मुडीगंगा नदी पर बने ब्रिज, जिसका शिलान्यास खुद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किया था, को शुरू करने का आश्वासन भी दिया।