हावड़ा: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Election 2026) के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने बीजेपी पर जोरदार हमला बोला है। हावड़ा के पांचला में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता ने कहा कि विपक्ष डराने-धमकाने की राजनीति कर रहा है, लेकिन वह इससे घबराने वाली नहीं हैं।
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बीजेपी चुनाव के दौरान अन्य राज्यों से लोगों को भेजकर तृणमूल कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालयों में छापेमारी कराई जा रही है और एजेंटों को गिरफ्तार करने का दबाव बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “हम तुम्हारा पूरा इतिहास जानते हैं-नाम, पता और तुम कहां काम करते हो, सब जानकारी हमारे पास है।” उन्होंने यह भी चुनौती दी कि अगर हिम्मत है तो सीधे उनके साथ राजनीतिक मुकाबला किया जाए।
ममता ने हाल ही में एक तृणमूल उम्मीदवार के घर और दफ्तर पर हुई आयकर छापेमारी को भी राजनीतिक साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय इस तरह की कार्रवाई निष्पक्षता पर सवाल खड़े करती है।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि वे किसी दबाव में आए बिना निष्पक्ष तरीके से काम करें। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे हर बूथ पर मजबूत तैयारी रखें और एजेंटों के वैकल्पिक इंतजाम भी सुनिश्चित करें। ममता बनर्जी ने दावा किया कि आने वाले समय में बीजेपी सत्ता में नहीं रहेगी और जनता इस तरह की राजनीति का जवाब देगी।