नंदीग्रामः पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर तीखी बयानबाजी देखने को मिली है। नंदीग्राम में आयोजित एक जनसभा के दौरान विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) पर निशाना साधते हुए कहा कि वह उनके खिलाफ नंदीग्राम से चुनाव लड़ने का साहस नहीं दिखा सकीं।
शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि पिछली बार नंदीग्राम में उन्होंने ममता बनर्जी को हराया था और इस बार भी वह नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों पर उन्हें पराजित करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने डर के कारण इस बार नंदीग्राम से चुनाव नहीं लड़ा और भवानीपुर को चुना।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं और नंदीग्राम में रेल लाइन परियोजना सहित कई योजनाओं पर काम हुआ है। शुभेंदु ने भरोसा जताया कि चुनाव के बाद लंबित कामों को पूरा किया जाएगा और स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ा जाएगा।
इस बीच सत्तारूढ़ पार्टी ने शुभेंदु अधिकारी के बयान पर पलटवार किया है। तृणमूल कांग्रेस नेता ने कहा कि वह दो सीटों से चुनाव लड़कर भी असफलता के डर में हैं और इस तरह के बयान केवल राजनीतिक हताशा को दर्शाते हैं।
टीएमसी का कहना है कि राज्य सरकार द्वारा नंदीग्राम में स्वास्थ्य शिविर, सरकारी योजनाओं और जनकल्याण कार्यक्रमों के माध्यम से लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिसका लाभ जनता को मिल रहा है। इधर राजनीतिक तापमान बढ़ता जा रहा है क्योंकि आने वाले चुनावों में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों ही सीटें राज्य की सबसे चर्चित सीटों में शामिल हैं।