कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Election) से कुछ दिन पहले कोलकाता के राजाबाजार इलाके में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। शनिवार सुबह स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने सायंस कॉलेज बस स्टॉप के पास छापेमारी कर भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में 6 सिंगल-शॉटर बंदूकें और 14 राउंड कारतूस बरामद हुए हैं। मौके से सोहेल अख्तर उर्फ आरजू नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को बस स्टॉप के पास एक बैग के साथ संदिग्ध हालत में पकड़ा गया।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था। आवश्यकता पड़ने पर आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ की जा सकती है।
चुनाव से ठीक पहले राजधानी कोलकाता में हथियारों की बरामदगी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस जांच तेज कर दी गई है। इधर, इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। विपक्षी दलों ने राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, जबकि सत्तापक्ष का कहना है कि चुनाव आयोग के निर्देश पर कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह कार्रवाई हो रही है।