नयी दिल्लीः पश्चिम बंगाल में चुनाव के बीच केंद्र सरकार ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और बैरकपुर से सांसद रह चुके दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश में भारत का उच्चायुक्त नियुक्त किया है। दिनेश त्रिवेदी बांग्लादेश में पहले राजनीतिक नियुक्त व्यक्ति के तौर पर करियर डिप्लोमैट प्रणय वर्मा की जगह लेंगे। प्रणय वर्मा अब ब्रसेल्स जाकर ईयू में भारत के राजदूत के तौर पर पद संभालेंगे।
दिनेश त्रिवेदी को उच्चायुक्त बनाए जाने पर बीजेपी नेता अमित मालवीय ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और बैरकपुर के सांसद रह चुके दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश में भारत का उच्चायुक्त नियुक्त किए जाने पर बधाई।
खास बात यह है कि लंबे समय बाद किसी करियर डिप्लोमैट की जगह एक राजनीतिक चेहरे को पड़ोसी देश में इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा रही है।
कूटनीति में बदलाव का संकेत और बांग्लादेश पर खास फोकस
यह फैसला सिर्फ एक नियुक्ति नहीं, बल्कि भारत की कूटनीतिक रणनीति में बदलाव का संकेत भी माना जा रहा है। आमतौर पर विदेश मंत्रालय ऐसे पदों पर भारतीय विदेश सेवा (IFS) के अधिकारियों को भेजता है, लेकिन इस बार सरकार ने एक अनुभवी राजनीतिक नेता पर भरोसा जताया है। नरेंद्र मोदी सरकार का मानना है कि त्रिवेदी जैसे अनुभवी नेता बांग्लादेश जैसे संवेदनशील पड़ोसी देश में रिश्तों को बेहतर तरीके से संभाल सकते हैं।
दिनेश त्रिवेदी पहले UPA सरकार में रेल मंत्री और स्वास्थ्य राज्य मंत्री रह चुके हैं और लंबे समय तक अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस से जुड़े रहे। साल 2021 में उन्होंने पार्टी छोड़कर BJP जॉइन की थी।