🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

तमिलनाडु के विरुधुनगर में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 17 लोगों की मौत, 6 की हालत गंभीर

कात्तानरपट्टी में हुए हादसे के बाद फैक्ट्री की कई इकाइयाँ तबाह, मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश जारी

By डॉ. अभिज्ञात

Apr 19, 2026 19:22 IST

विरुधुनगरः तामिलनाडु में चुनाव से ठीक पहले एक बड़ी दुर्घटना ने हालात को झकझोर दिया। विरुधुनगर जिले के कात्तानरपट्टी गांव स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में रविवार 19 अप्रैल की शाम जोरदार विस्फोट हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में कम से कम 17 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार फैक्ट्री में अचानक आग लगने के बाद तेज धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री की चार इकाइयाँ पूरी तरह तबाह हो गईं और आसपास का इलाका भी इसकी चपेट में आ गया।

मीडिया की खबरों के मुताबिक सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियाँ और बचाव दल मौके पर पहुंचे। अब तक 13 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

पुलिस और प्रशासन का मानना है कि पटाखा बनाने के दौरान रसायनों के मिश्रण में घर्षण से चिंगारी निकली, जिससे यह विस्फोट हुआ। मलबे में अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका है, इसलिए राहत और बचाव कार्य जारी है। जिला प्रशासन ने मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है और घटना की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

इस दुखद घटना पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।

उल्लेखनीय है कि इससे कुछ दिन पहले 13 अप्रैल को भी इसी जिले के सत्तूर के पास मदत्तुपट्टी क्षेत्र में स्थित एक एक्सेल पटाखा फैक्ट्री में बड़ा विस्फोट हुआ था। उस घटना ने भी इलाके में सुरक्षा मानकों और फैक्ट्रियों में काम करने की परिस्थितियों को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी थीं। अब इस ताजा हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।

Articles you may like: