कोलकाता : आईपीएल 2026 में 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी ने सभी का ध्यान खींचा है। आमतौर पर वह मैदान पर उतरते ही तेज और आक्रामक अंदाज में खेलते हैं। कम गेंदों में मैच का रुख बदल देना उनकी पहचान बन चुकी है लेकिन इस बार तस्वीर कुछ अलग रही।
रविवार 19 अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने थे। इस मुकाबले में सभी की नजर वैभव पर थी।
मैच में वैभव की शुरुआत काफी धीमी रही। उन्होंने अपनी पारी की शुरुआत सिर्फ 1 रन से की। पहले 14 गेंदों तक उन्होंने कोई बड़ा शॉट नहीं लगाया। वह गेंद को जमीन पर खेलते हुए धीरे-धीरे रन बनाते रहे। आखिरकार 15वीं गेंद पर उनका पहला छक्का आया। यह उनके लिए इस सीजन में असामान्य दृश्य था।
हालांकि धीमी शुरुआत के बावजूद उन्होंने अपनी लय बनाए रखी। वह 160 से ज्यादा स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते रहे लेकिन वह अर्धशतक नहीं बना सके। वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर वह नौवें ओवर में आउट हो गए। उन्होंने 28 गेंदों में 46 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 2 छक्के शामिल थे। यह इस सीजन की उनकी सबसे धीमी पारी रही।
वैभव की इस बदली हुई बल्लेबाजी के पीछे पिछला मैच कारण माना जा रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वह पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए थे। उन्होंने प्रफुल्ल हिंज की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की थी और कैच आउट हो गए थे।
इसी नाकामी का असर इस मैच में साफ दिखा। पहले जहां वह बेखौफ अंदाज में खेलते थे वहीं इस बार उनकी बल्लेबाजी में सावधानी नजर आई।