पहले चरण के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बीरभूम के मुरारई में पार्टी के प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संबोधित किया। इस सभा से उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'झालमुड़ी ब्रेक' पर तीव्र कटाक्ष करते हुए सवाल उठाया कि उनके पॉकेट में कभी ₹10 रहता है क्या?
बता दें, रविवार को झारग्राम में चुनाव प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सड़क के किनारे स्थित एक छोटी सी दुकान से झालमुड़ी खरीदी थी। उस समय का वीडियो प्रधानमंत्री ने खुद अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल से शेयर किया था जो तेजी से वायरल भी हुआ था।
इस वीडियो में पीएम मोदी को दुकानदार से ₹10 की झालमुड़ी बना देने के लिए कहते और पॉकेट से एक ₹10 का नोट निकालकर उसे देते हुए भी देखा गया।
मुरारई की सभा से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके पॉकेट में कभी ₹10 रहता है क्या? कितना नाटक करते हैं। चुनाव के समय गुफा में जाकर बैठे रहते हैं। कभी चुनाव के समय कहते हैं कि मैं चायवाला हूं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ₹10 निकालकर वह खुद की बनायी हुई झालमुड़ी खा रहे हैं। वरना दुकान में कैमरा कैसे लगा था। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वह झालमुड़ी एसपीजी से बनवायी गयी है।
Read Also | चुनावी रैली के बाद PM मोदी का छोटा सा 'झालमुड़ी ब्रेक', कितने की खरीदी झालमुड़ी? देखें Video
चुनाव आयोग को आड़े हाथों लेते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव से पहले तृणमूल कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने की योजना है। वह सूची भी उन्हें मिल चुकी है। उन्होंने चेतावनी के लहजे में कहा कि हम भी अदालत में जाएंगे और हर इंच का बदला लेंगे। अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि इस बार का चुनाव को महत्व दीजिए।
लोकसभा में भाजपा को हराया है। '26 में बंगाल में जीतकर दिल्ली से भाजपा को हटाऊंगी। ममता बनर्जी ने एक बार फिर से मतगणना को लेकर अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को चेताते हुए कहा कि मतगणना के समय आखिरी पल तक लड़ना होगा। उन्होंने कहा कि मतगणना वाले दिन अगर जरूरी हुआ तो खाना मत पकाएं। एक दिन पहले खाना पकाकर उसमें पानी डालकर रखें।
ममता बनर्जी ने द्वारका नदी पर ब्रिज बनाने का आश्वासन देते हुए कहा कि फैसला ले लिया गया है। 56 करोड़ रुपए से अधिक का खर्च आएगा। चुनाव के बाद ही ब्रिज निर्माण का काम शुरू होगा।