🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

हॉलीवुड अभिनेता-निर्माता पैट्रिक मलडून का 57 की उम्र में निधन, टीवी, फिल्म और संगीत में छोड़ी गहरी छाप

साइंस-फिक्शन फिल्म ‘स्टारशिप ट्रूपर्स’ से बड़े पर्दे पर बनाई अलग पहचान, नई फिल्म ‘डर्टी हैंड्स’ इसी साल रिलीज होने की थी तैयारी में

By डॉ. अभिज्ञात

Apr 20, 2026 17:01 IST

अमेरिकी टीवी धारावाहिक ‘डेज़ ऑफ आवर लाइव्स’ से लोकप्रिय अभिनेता और निर्माता पैट्रिक मलडून का 19 अप्रैल को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 57 वर्ष के थे। इस संबंध में डेडलाइन की रिपोर्ट में जानकारी दी गई है।

कैलिफोर्निया के सैन पेड्रो में जन्मे पैट्रिक मलडून ने यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया से शिक्षा प्राप्त की, जहां वह ट्रोजन्स फुटबॉल टीम के खिलाड़ी भी रहे। कॉलेज के दौरान ही उन्होंने अभिनय की शुरुआत की और सिटकॉम ‘हूज़ द बॉस?’ के दो एपिसोड में नजर आए।

साल 1991 में स्नातक करने के बाद उन्हें ‘सेव्ड बाय द बेल’ में तीन एपिसोड की आवर्ती भूमिका मिली। इसके बाद उन्होंने ‘डेज़ ऑफ आवर लाइव्स’ में ऑस्टिन रीड का किरदार निभाया, जिसे उन्होंने 1992 से 1995 तक और फिर 2011-12 में भी निभाया।

इसके अलावा, वह प्राइमटाइम शो ‘मेलरोज़ प्लेस’ में रिचर्ड हार्ट के खलनायक किरदार में भी दिखाई दिए। 1990 और 2000 के दशक में उन्होंने कई टीवी फिल्मों में अभिनय किया।

फिल्मों में उन्होंने 1997 की साइंस-फिक्शन फिल्म ‘स्टारशिप ट्रूपर्स’ में जेंडर बार्कालो की भूमिका निभाई, जिसका निर्देशन पॉल वर्होवेन ने किया था। उनकी नई फिल्म ‘डर्टी हैंड्स’ इसी वर्ष रिलीज होने की संभावना है।

पैट्रिक मलडून ने कई फिल्मों में कार्यकारी निर्माता के रूप में भी योगदान दिया, जिनमें ‘द ट्राइब्स ऑफ पालोस वर्डेस’, ‘आर्कान्सा’, ‘मार्लो’, ‘द कार्ड काउंटर’, ‘द ड्रेडफुल’, ‘रिफ रैफ’ और हाल में बन रही ‘कॉकरेच’ शामिल हैं। इस फिल्म में क्रिस हेम्सवर्थ, टैरन एगर्टन और ज़ाज़ी बीट्ज़ मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

अभिनय के अलावा उन्हें संगीत से भी गहरा लगाव था। वह अक्सर गिटार बजाते नजर आते थे और ‘द स्लीपिंग मैसेज़’ बैंड के मुख्य गायक थे। उनके करीबियों के अनुसार वह बेहद उदार, खुशमिजाज और ऊर्जा से भरपूर व्यक्ति थे। लोगों और जानवरों के प्रति उनका स्नेह विशेष था और उनकी मौजूदगी से लोग खुद को सुरक्षित व सहज महसूस करते थे।

पैट्रिक मलडून अपने पीछे अपनी साथी मिरियम रोथबार्ट, माता-पिता डिआना और पैट्रिक मलडून सीनियर, बहन शाना, बहनोई अहमद ज़प्पा और उनके बच्चे भांजी हेलो तथा भांजा एरो ज़प्पा को छोड़ गए हैं।

Articles you may like: