केरल के त्रिशूर के पटाखा फैक्ट्री में बड़ा विस्फोट। मंगलवार (21 अप्रैल) की शाम को 3 बजे त्रिशूर जिले के मुंदथिक्कोड इलाके में मौजूद पटाखा फैक्ट्री में बड़ा धमाका हुआ। मिली जानकारी के अनुसार इस धमाके में 13 लोगों की मौत हो गयी है।
वहीं 40 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जाता है कि परसो (24 अप्रैल) को 'त्रिशूर पूरम' उत्सव का आयोजन होने वाला है।
इस उत्सव का प्रमुख आकर्षण पटाखों की प्रतियोगिता होती है। इस प्रतियोगिता के लिए स्थानीय एक मंदिर देवस्वोम की ओर से फैक्ट्री में पटाखे तैयार करवाए जा रहे थे। तभी यह धमाका हो गया जिसकी चपेट में आने से बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए हैं। बताया जाता है कि 5 लोगों की स्थिति काफी गंभीर है। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार धान के खेत के बीच में सुनसान इलाके में अस्थायी शेड बनाकर इन पटाखों को तैयार किया जा रहा था।
स्थानीय लोगों का दावा है कि पहला धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनायी दी थी। इसके साथ ही भूकम्प जैसा भी महसूस हुआ था। मौके पर मौजूद एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि वहां खेत में 40 मजदूरों के खाने का इंतजाम किया गया था। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि धमाके के वक्त कम से कम 40 मजदूर तो यहां मौजूद थे।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पहला धमाका दोपहर 3.30 बजे हुआ। इसके बाद रुक-रुक कर और भी कई धमाके होते रहे। इस वजह से बचाव और राहत कार्य में भी काफी परेशानी आयी। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने घायलों का विशेष इलाज करवाने की हिदायत दी है। उन्होंने त्रिशूर के सरकार मेडिकल कॉलेज और त्रिशूर जनरल अस्पताल में आवश्यक सभी व्यवस्थाएं करने के लिए कहा है।
मौके पर दमकल और बचाव दल के साथ ही पुलिस भी तैनात है। हालांकि लगातार हो रही विस्फोटों की वजह से थोड़ी परेशानी भी हो रही है। गंभीर रूप से घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया है। कुछ मजदूरों को हल्की चोट आयी थी जो भागने में सफल रहे।
हालांकि विस्फोट क्यों हुआ, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मौके पर केरल पुलिस और फॉरेंसिक टीम के विशेषज्ञ नमूना एकत्र कर रहे हैं। बता दें, हाल ही में तमिलनाडु के पटाखा फैक्ट्री में भी तेज विस्फोट हुआ था जिसमें कम से कम 18 लोगों की मौत हो गयी थी।