जनता दल यूनाइटेड(JDU) ने पूर्व मंत्री और नीतीश कुमार के करीबी नेता श्रवण कुमार को विधान मंडल दल का नेता चुना है। कुछ दिन पहले उनकी सुरक्षा बढ़ा कर उन्हें Y सिक्युरिटी दी गई थी।
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने पूर्व मंत्री और नीतीश कुमार के करीबी नेता श्रवण कुमार को विधानमंडल दल का नेता चुना है। इससे पहले कल जदयू विधानमंडल दल की बैठक नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुई थी। बैठक में पार्टी ने नीतीश कुमार को यह अधिकृत किया था कि वह विधानमंडल दल के नेता का चयन करेंगे। आज पार्टी की ओर से श्रवण कुमार के नाम की घोषणा की गई। श्रवण कुमार नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा से आते हैं।
बैठक के बाद हुआ फैसला
इससे पहले बैठक पटना स्थित 1, अणे मार्ग पर नीतीश कुमार के सरकारी आवास में आयोजित की गई जिसमें जदयू के सभी विधायक और विधान परिषद सदस्य शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता नीतीश कुमार ने की। इस दौरान विधानमंडल दल के नेता और उपनेता पर मंथन हुआ। पहले सूत्रों से ये खबर आ रही थी कि नए नेता के लिए विजय कुमार चौधरी समेत कुछ नामों पर मंथन हो रहा है। हालांकि अंतिम फैसला श्रवण कुमार के पक्ष में गया।
नीतीश के करीबियों में से एक
पिछले कई दिनों से इस बात की चर्चा जोरों पर थी कि आखिर किसे विधानमंडल का नेता चुना जाएगा। श्रवण कुमार, नीतीश कुमार के सबसे करीबी और भरोसेमंद लोगों में से एक हैं। बिहार की सियासत का पुराना चेहरा है। आपको बता दें कि नीतीश कुमार ने दो दशक तक मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद राज्यसभा जाने का फैसला किया। जिसके बाद सम्राट चौधरी को बिहार का नया मुख्यमंत्री चुना गया है।