इंफाल: मणिपुर में मंगलवार तड़के भूकंप के झटकों से धरती हिल गई जिससे उत्तर-पूर्व के कई राज्यों में दहशत फैल गई। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.2 मापी गई। इसका असर असम के गुवाहाटी सहित आसपास के इलाकों में भी महसूस किया गया।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, यह भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 5 बजकर 59 मिनट 33 सेकंड पर आया। इसका केंद्र मणिपुर के कामजोंग क्षेत्र में जमीन से लगभग 62 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।भूकंप के झटके सिर्फ मणिपुर और गुवाहाटी तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि नागालैंड, असम और मेघालय के कई हिस्सों में भी महसूस किए गए। झटकों के कारण लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए। हालांकि अब तक किसी भी इलाके से जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली है।
प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उत्तर-पूर्व भारत भूकंप संभावित क्षेत्र होने के कारण ऐसे झटके असामान्य नहीं हैं, फिर भी हर घटना के बाद सतर्कता बरती जाती है। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले सोमवार सुबह 8 बजकर 32 मिनट पर उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल क्षेत्र में भी 3 तीव्रता का हल्का भूकंप दर्ज किया गया था।