🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

केकेआर की पहली जीत के बाद भी रहाणे की चिंता, पावरप्ले में खराब प्रदर्शन

पावरप्ले में फ्लॉप बल्लेबाजी से कप्तान रहाणे चिंतित।

By शिखा सिंह

Apr 21, 2026 13:36 IST

कोलकाता : आखिरकार ‘केकेहार’ का तमगा हट गया। रविवार को ईडन गार्डन्स में खेले गए अपने सातवें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर दो अंक हासिल किए। सात मैचों में टीम के अब तीन अंक हो गए हैं। पहली जीत के बाद खिलाड़ियों की भावनाएं भी फूट पड़ीं कई खिलाड़ी मैदान पर ही रोते नजर आए। वरुण चक्रवर्ती और रिंकू सिंह के अलावा राजस्थान के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को भी ड्रेसिंग रूम के बाहर टोपी से चेहरा छिपाकर रोते देखा गया जिसकी तस्वीर तेजी से वायरल हो गई। कम उम्र में जीत के लिए उनका जुनून सभी को चौंका रहा है।

हालांकि पहली जीत से टीम को थोड़ी राहत जरूर मिली है लेकिन सवाल अब भी बने हुए हैं। 155 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर के बल्लेबाजों ने जिस तरह मैच को मुश्किल बना दिया उस पर सवाल उठ रहे हैं। अगर रिंकू सिंह का कैच नहीं छूटा होता तो मुकाबला राजस्थान के पक्ष में जा सकता था।

कप्तान अजिंक्य रहाणे ने भी बल्लेबाजी की नाकामी स्वीकार की। मैच के बाद उन्होंने कहा- “हम अब भी कई गलतियां कर रहे हैं खासकर पावरप्ले में हमारा प्रदर्शन बेहद खराब रहा है।”

अब केकेआर को अगला मुकाबला लखनऊ के खिलाफ खेलना है जिसके लिए टीम कल रवाना होगी। आज खिलाड़ियों को पूरा आराम दिया गया है। ऋषभ पंत की लखनऊ टीम की स्थिति भी बहुत अच्छी नहीं है—छह मैचों में दो जीत के साथ वे फिलहाल अंक तालिका में केकेआर से ऊपर हैं।

रहाणे की व्यक्तिगत फॉर्म भी चिंता का विषय बनी हुई है। वह लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट हो चुके हैं। इससे पहले केकेआर के कप्तान रहते हुए गौतम गंभीर भी लगातार तीन मैचों में बिना खाता खोले आउट हुए थे। आईपीएल में ओपनर के तौर पर रहाणे 12 बार शून्य पर आउट हो चुके हैं। उनकी कप्तानी को लेकर भी कड़ी आलोचना हो रही है। अगर यह मैच हार जाते, तो उनकी कप्तानी पर बड़ा सवाल खड़ा हो सकता था। टीम के कोच अभिषेक नायर भी दबाव में हैं।

बंगाल में चुनाव के चलते ईडन गार्डन्स में केकेआर के कोई मैच नहीं हैं। ऐसे में अगर टीम आगामी अवे मुकाबलों में जीत हासिल कर पाती है और फिर ईडन में वापसी करती है तो प्लेऑफ की उम्मीदें अभी भी जिंदा रह सकती हैं।

Articles you may like: