बेहला के व्यवसायी जय एस कामदार को रविवार की रात को एन्फोर्समेंट डिरेक्टोरेट (ED) के अधिकारियों ने गिरफ्तार किया था। हजारों करोड़ रुपए के अवैध लेनदेन का आरोप लगाते हुए व्यवसायी को गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को उक्त व्यवसायी को बैंकसाल कोर्ट में पेश किया गया।
अदालत ने 28 अप्रैल तक उसे ED की हिरासत में रखने का आदेश दिया है। ED के अधिकारी फिलहाल जय कामदार के विभिन्न बैंक अकाउंट्स को खंगालने में लगे हुए हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 25 फर्जी कंपनियों के बारे में ED को जानकारी मिली है। सूत्रों के मुताबिक दक्षिण कोलकाता के असामाजिक तत्व सोना पप्पु के साथ जय कामदार के बैंक लेनदेन की जानकारी मिली है। बताया जाता है कि जय की एक कंपनी से सोना पप्पु की पत्नी के नाम पर एक हथियार और गोली भी खरीदी गयी थी।
Read Also | अभया को मृत घोषित करने वाले आरजी कर अस्पताल के डॉक्टर की नाबालिग भगीनी लापता, तलाश जारी
सोना पप्पु की कंपनी के साथ जय ने कुल 1.5 करोड़ रुपए का लेनदेन किया है। पिछले 4 महीनों में जय की कंपनी अकाउंट में कुल मिलाकर 500 करोड़ रुपए जमा हुए हैं। जांच अधिकारी इन रुपयों का स्रोत ढूंढ रहे हैं।
बता दें, रविवार की सुबह बेहला के ज्योतिश राय रोड निवासी जय कामदार के घर पर ED के अधिकारियों ने तलाशी अभियान चलाया। बाद में सुबह करीब 11 बजे जय को सीजीओ कॉम्प्लेक्स ले जाया गया। वहां भी उससे काफी पूछताछ की गयी।
वित्तीय लेनदेन से संबंधित सवालों के जवाब में असंगति होने की वजह से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जाता है कि तलाशी अभियान के दौरान जय कामदार के घर से नगद 1 करोड़ रुपए बरामद किए गए।