कोलकाता में रविवार की सुबह-सुबह एक बार फिर से एन्फोर्समेंट डिरेक्टोरेट (ED) सक्रिय हो गयी है। कोलकाता पुलिस के डेप्यूटी कमिश्नर शांतनु सिन्हा विश्वास के फ्लैट पर ED के अधिकारियों ने तलाशी अभियान चलाया। बालीगंज फर्न रोड स्थित उनके फ्लैट पर ED के अधिकारी रविवार की सुबह 6 बजे पहुंच गए थे।
बता दें, कोलकाता पुलिस के उक्त अधिकारी लंबे समय तक कालीघाट थाना की जिम्मेदारी भी संभालते थे। मिली जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह उनके घर पर ED के अधिकारियों के पहुंचने के बाद पूछताछ की प्रक्रिया भी शुरू हो गयी है।
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ED के अधिकारी किस मामले में शांतनु सिन्हा विश्वास के घर पर छापेमारी कर रहे हैं। सूत्रों के हवाले से संभावना जतायी जा रही है कि वसूली, सिंडिकेट के रुपयों के बंटवारे के मामले में ED के अधिकारियों ने उनके घर छापेमारी की होगी।
Read Also | चुनाव से पहले राजाबाजार में हथियार बरामद, STF की कार्रवाई में 6 सिंगल-शॉटर और 14 कारतूस मिले
इससे पहले कोलकाता पुलिस के उक्त अधिकारी को दिल्ली में भी ED ने तलब किया था। उस समय कोयला घोटाले के मामले में पूछताछ के लिए उन्हें बुलाया गया था। बताया जाता है कि शांतनु सिन्हा विश्वास उस समय ED के सामने उपस्थित नहीं हुए थे।
सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि शांतनु सिन्हा विश्वास के साथ-साथ कोलकाता में एक व्यवसायी के घर पर भी ED के अधिकारी छापेमारी कर रहे हैं। रविवार की सुबह ही उक्त व्यवसायी के घर पर छापेमारी की गयी है। सूत्रों का दावा है कि इससे पहले उक्त व्यवसायी को भी ED ने तलब किया था लेकिन वह भी ED के सामने उपस्थित नहीं हुए थे।
गौरतलब है कि पिछले दिनों ही रासबिहारी विधानसभा केंद्र से तृणमूल प्रत्याशी देवाशीष कुमार के घर पर आयकर विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी की थी। राज्य में विधानसभा चुनाव से महज कुछ दिनों पहले ED और आयकर विभाग की इन छापेमारियों की वजह से काफी हंगामा मचा हुआ है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी चुनाव से पहले केंद्रीय संस्थाओं की सक्रियता को लेकर कई बार सवाल उठाया था।