चुनाव आयोग ने मतदान से दो दिनों पहले मोटर साइकिल लेकर निकलने पर सख्त नियम जारी किए हैं। मंगलवार को बड़ा बाजार में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि यह कैसा फरमान है? लोग घर कैसे लौटेंगे?
ममता बनर्जी का मानना है कि इस पाबंदी की वजह से खासतौर पर अपने-अपने कार्यस्थल से वापस लौटने वाले लोगों को सबसे अधिक समस्याएं होंगी। बड़ाबाजार की सभा से चुनाव आयोग के इस फैसले की आलोचना करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि मतदान से 24 घंटा पहले से कोई बाईक की सवारी नहीं कर सकेगा। इसका क्या मतलब है? अगर बाईक की सवारी नहीं करेंगे तो घर कैसे लौटेंगे?
Read Also | चुनाव से दो दिनों पहले मोटर साइकिल पर लगायी गयी पाबंदी, किन नियमों का करना होगा पालन?
उन्होंने आगे कहा कि बड़ी संख्या में ऐसे नौकरीपेशा हैं जिनका घर दूर है। वे कैसे आवाजाही करेंगे? यह कैसा फरमान है। बिल्कुल बदमाशी की जा रही है। जुल्म किया जा रहा है।
इतना ही नहीं ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर पक्षपात करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मेरे विधानसभा केंद्र में तीन वार्डों को सेंट्रल फोर्स से छप्पा वोट करवाने के लिए चुन लिया गया है। इसमें वार्ड नंबर 77, 63 शामिल है।
तृणमूल सुप्रीमो ने चेतावनी के स्वर में कहा कि हम हर तरफ अपने लोग रखेंगे। जो सोच रहे हैं कि छप्पा वोट करवाएंगे, सुन लें - आपका अगर 50 कैमरा होगा तो चंद्र-सूर्य-ग्रह और तारा हमारे कैमरे हैं।
हर बात पर निगरानी की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से पक्षपात छोड़कर निरपेक्ष रूप से काम करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जो भाजपा की तरफ से दलाली कर रहे हैं, उनसे तृणमूल को समर्थन करने के लिए नहीं कह रही हूं। संयमित रहे। सिर्फ एक पक्ष के लिए काम न करके निरपेक्ष होकर काम करें।