नई दिल्ली : आईपीएल के खत्म होते ही महज 6 दिन के भीतर टेस्ट मैच शुरू होने जा रहा है जिससे भारतीय क्रिकेट में वर्कलोड और शेड्यूल को लेकर बहस तेज हो गई है। भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने बीसीसीआई के इस व्यस्त कार्यक्रम पर नाराज़गी जताई है।
इस साल क्रिकेट कैलेंडर बेहद व्यस्त रहा है जहां विश्व कप, द्विपक्षीय सीरीज और आईपीएल लगातार बिना बड़े अंतराल के खेले जा रहे हैं। इसी क्रम में आईपीएल खत्म होने के मात्र 6 दिन बाद 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा जो 11 जून तक चलेगा। आईपीएल का फाइनल 31 मई को निर्धारित है। ऐसे में जो भी टीम प्लेऑफ और फाइनल तक पहुंचेगी उसके खिलाड़ियों के लिए आराम का समय लगभग न के बराबर रहेगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार गंभीर पहले भी कई बार इस तरह के लगातार शेड्यूल पर आपत्ति जता चुके हैं लेकिन इस बार भी स्थिति में खास बदलाव नहीं हुआ। हालांकि बीसीसीआई ने इस टेस्ट मैच के लिए वैकल्पिक रणनीति तैयार कर ली है। ग़ुरनूर ब्रार, मानव सूथर, आकिब नबी और देवदत्त पडिक्कल जैसे घरेलू प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।
इसके साथ ही शुभमन गिल केएल राहुल और रवींद्र जडेजा जैसे सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिए जाने की संभावना है क्योंकि वे लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं। बोर्ड सूत्रों के मुताबिक चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि खिलाड़ियों पर अतिरिक्त दबाव न पड़े खासकर इसलिए क्योंकि इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मैच भी खेले जाने हैं।
चूंकि अफगानिस्तान के खिलाफ यह टेस्ट मैच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) प्वाइंट्स टेबल पर असर नहीं डालेगा इसलिए बीसीसीआई टीम चयन में लचीलापन दिखाने की योजना बना रहा है। बोर्ड अब WTC को ध्यान में रखते हुए रणनीति बना रहा है क्योंकि पिछले दो वर्षों में भारत का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा है।
WTC प्वाइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलिया 8 मैचों में 7 जीत के साथ 84 अंकों के साथ शीर्ष पर है जबकि न्यूजीलैंड दूसरे स्थान पर है। भारत 9 मैचों में 4 जीत के साथ 52 अंकों पर छठे स्थान पर है। इंग्लैंड ने अब तक सबसे ज्यादा 10 टेस्ट खेले हैं। इस स्थिति में भारत को फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए आने वाले टेस्ट मैचों में बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।