🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

इस अधूरे सपने को पूरा करना चाहते हैं वैभव सूर्यवंशी

IPL 2026 के आंकड़ों पर नजर डालें तो वैभव सूर्यवंशी का बल्ला 'गदर' मचा रहा है। उन्होंने अब तक खेले 6 मैचों की 6 पारियों में 41 की औसत से 246 रन कूट दिए हैं।

By लखन भारती

Apr 21, 2026 17:43 IST

IPL 2026 में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से विरोधी गेंदबाजों के लिए काल बन चुके राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इन दिनों न केवल अपने प्रदर्शन, बल्कि अपने एक भावुक बयान को लेकर भी चर्चा में हैं। दूरदर्शन के साथ खास बातचीत के दौरान वैभव ने अपने उस 'अधूरे सपने' का जिक्र किया, जो उनके पिता ने बरसों पहले देखा था। वैभव ने बताया कि भले ही आज पूरी दुनिया उनके खेल की कायल है, लेकिन उनके पिता की नजर में अभी मंजिल हासिल करना बाकी है।

दूरदर्शन स्पोर्ट्स पर दिए गए एक इंटरव्यू में वैभव सूर्यवंशी ने अपने पिता के साथ हुई बातचीत का खुलासा करते हुए कहा, "मैंने अपने पापा से बात की थी, उन्होंने मुझसे साफ कहा कि बेटा अभी तुमने सिर्फ आधा सपना ही पूरा किया है, असली आधा सपना तो अभी बाकी है। वह सपना है सीनियर टीम इंडिया के लिए वर्ल्ड कप खेलना और उसे जीतना।" वैभव ने आगे कहा कि हर खिलाड़ी की तरह उनका भी एकमात्र लक्ष्य नीली जर्सी पहनकर देश को विश्व विजेता बनाना है।

गदर मचा रहे हैं वैभव सूर्यवंशी

उन्होंने अपने बेखौफ अंदाज पर भरोसा जताते हुए कहा कि जब तक वह क्रीज पर हैं, उनका मकसद विपक्षी टीम पर इस कदर हावी होना होता है कि मैच उनके हाथ से निकल जाए। IPL 2026 के आंकड़ों पर नजर डालें तो वैभव सूर्यवंशी का बल्ला 'गदर' मचा रहा है। उन्होंने अब तक खेले 6 मैचों की 6 पारियों में 41 की औसत से 246 रन कूट दिए हैं। सबसे हैरान करने वाली बात उनका 236.54 का स्ट्राइक रेट है। इस छोटे से अंतराल में वह अपनी पारी के दौरान 24 चौके और 20 छक्के जड़ चुके हैं। उनकी यह आक्रामकता ही है जिसने उन्हें 15 साल की उम्र में आईपीएल का सबसे बड़ा 'एक्स-फैक्टर' बना दिया है।

आपको बता दें कि वैभव पहले ही अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों में 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर भारत को चैंपियन बना चुके हैं। लेकिन उनके पिता का सपना अब उन्हें सीनियर लेवल पर तिरंगा लहराते देखने का है। वैभव जिस लय में बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसे देखकर क्रिकेट पंडितों का मानना है कि वह जल्द ही अपने पिता के इस अधूरे सपने को हकीकत में बदल देंगे और टीम इंडिया के लिए डेब्यू करेंगे।

Articles you may like: