कोलकाताः पश्चिम बंगाल में आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर निगरानी तेज हो गई है। इसी क्रम में राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) मनोज अग्रवाल ने सोमवार को उत्तर बंगाल के तीन जिलों का हवाई दौरा किया। वे भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टर से एक जिले से दूसरे जिले पहुंचे और वहां चुनावी तैयारियों तथा मौजूदा परिस्थितियों की समीक्षा की। उनके साथ पायलट के रूप में विंग कमांडर प्रदीप ए. हरिहरन मौजूद थे।
सूत्रों के अनुसार, यह पहला अवसर है जब राज्य के किसी CEO ने वायुसेना के हेलिकॉप्टर का उपयोग करते हुए इस तरह व्यापक दौरा किया है। हालांकि, इससे पहले भी दुर्गम इलाकों में चुनावी निरीक्षण के लिए हेलिकॉप्टर का उपयोग किया जाता रहा है।
सोमवार को दिनभर उत्तर बंगाल के तीन जिलों में निरीक्षण करने के बाद मंगलवार को भी उनका दौरा जारी रहा। समय बचाने और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अधिक प्रभावी बैठक सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने हेलिकॉप्टर यात्रा को प्राथमिकता दी है।
मंगलवार को वे कुचबिहार से पश्चिम मेदिनीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने क्विकोटा हेलिपैड पर उतरकर सड़क मार्ग से शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला निर्वाचन अधिकारी बिविन कृष्ण और पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना भी मौजूद रहीं। निर्वाचन आयोग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, चुनावी तैयारियों की निगरानी के लिए केंद्र की ओर से राज्य को और तीन हेलिकॉप्टर उपलब्ध कराए जाने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2006 में भी तत्कालीन CEO ने चुनावी निरीक्षण के लिए हेलिकॉप्टर का उपयोग किया था। अब करीब दो दशकों बाद एक बार फिर राज्य में चुनावी निगरानी का यह हवाई मॉडल देखने को मिल रहा है। चुनाव से पहले प्रशासनिक सतर्कता बढ़ती दिख रही है और उत्तर बंगाल से लेकर अन्य जिलों तक चुनावी तैयारियों की निगरानी अब हवाई स्तर पर तेज कर दी गई है।