लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के पराजित होने को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए अवसर का गलत उपयोग करते हुए अपनी “महिला-विरोधी छवि” को सुधारने की बजाय उसे और मजबूत किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह टिप्पणी लखनऊ में आयोजित ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ में भाग लेने के बाद विधानसभा भवन के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए की। यह पदयात्रा उस संविधान संशोधन विधेयक के विरोध में निकाली गई थी जो लोकसभा में महिला आरक्षण लागू करने और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 816 करने के उद्देश्य से लाया गया था लेकिन शुक्रवार को निचले सदन में यह विधेयक पारित नहीं हो सका।
योगी आदित्यनाथ ने कहा “चाहे कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी, इनका चेहरा अलोकतांत्रिक है इनके कार्य महिला-विरोधी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए विकल्प का भी इन्होंने गलत इस्तेमाल किया और अपनी महिला-विरोधी छवि से बाहर निकलने की बजाय उसे और उजागर किया।”
उन्होंने यह भी कहा कि देशभर में “आधी आबादी” (महिलाएं) सड़कों पर उतरकर कांग्रेस और उसके सहयोगियों के खिलाफ विरोध कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पदयात्रा कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) जैसी पार्टियों के “महिला-विरोधी रवैये” के प्रति महिलाओं के आक्रोश का प्रतीक है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में केवल चार वर्ग हैं—महिलाएं, गरीब, युवा और किसान। उन्होंने कहा कि इन्हीं चार वर्गों को केंद्र में रखकर नीतियां बनाई जा रही हैं जिससे देश आर्थिक प्रगति के नए शिखर पर पहुंच रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चाहे बुनियादी ढांचे का विकास हो भारत की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण हो या “नए भारत” की परिकल्पना के अनुरूप योजनाओं का क्रियान्वयन—इन सभी का केंद्र “नारी शक्ति” है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं जो उनके सशक्तिकरण का आधार हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों, युवाओं, किसानों और “आधी आबादी” को केंद्र में रखकर योजनाएं तैयार की हैं।
उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल स्वच्छता अभियान नहीं है बल्कि महिलाओं की गरिमा की रक्षा का प्रयास है। उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस सिलेंडर केवल ईंधन उपलब्ध कराने की योजना नहीं है बल्कि यह स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता का माध्यम है। आयुष्मान भारत योजना भी लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान कर आत्मनिर्भरता की दिशा में ले जाती है।
योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन के घटक दल भाजपा द्वारा चलाई जा रही इन सभी योजनाओं का विरोध करते हैं।
उन्होंने कहा कि लखनऊ में आयोजित यह आक्रोश रैली औपचारिक रूप से समाप्त हो गई है लेकिन इसे हर जिले, हर मंडल और बूथ स्तर तक अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक सहित भारतीय जनता पार्टी के अन्य नेता भी शामिल हुए।
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पहले जारी बयान में कहा गया था कि यह मार्च महिला आरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण संविधान संशोधन विधेयक को पारित न किए जाने के विरोध में आयोजित किया गया है जिससे देशभर की करोड़ों माताओं और बहनों की आकांक्षाओं को गहरी ठेस पहुंची है।