कोलकाताः पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण से ठीक पहले मतदाता सूची को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। चुनाव आयोग ने ट्रिब्यूनल में निपटाए गए मामलों के आधार पर तैयार की गई सप्लीमेंट्री सूची जारी कर दी है। यह सूची बुधवार तड़के आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की गई।
आयोग के अनुसार, यह सूची उन मतदाताओं से जुड़ी है जिनके नाम ‘लॉजिकल डिसक्रेपेंसी’ के कारण पहले मतदाता सूची से हट गए थे, लेकिन बाद में ट्रिब्यूनल में अपील के बाद उनका मामला निपटाया गया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार जिन मतदाताओं के नाम इस सूची में शामिल किए गए हैं, वे 23 अप्रैल को होने वाले पहले चरण के मतदान में वोट डाल सकेंगे।
इस सप्लीमेंट्री सूची में कुल 136 नामों को शामिल किया गया है। ट्रिब्यूनल की जांच के बाद दो नामों को अंतिम रूप से सूची से बाहर रखा गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया पूरी तरह न्यायालय के निर्देशों और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत पूरी की गई है।
सूत्रों के अनुसार, यह सूची आगे और विस्तृत रूप में भी जारी की जा सकती है और राजनीतिक दलों को भी इसे उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
कैसे देखें अपना नाम?
मतदाता ceowestbengal.wb.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपना नाम चेक कर सकते हैं। इसके लिए EPIC नंबर का उपयोग करना होगा। वेबसाइट पर यह भी सुविधा दी गई है कि किसी बूथ पर ट्रिब्यूनल से जुड़ा कोई निपटारा हुआ है या नहीं, इसकी जानकारी भी ली जा सकती है।
आयोग ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार 21 अप्रैल तक निपटाए गए मामलों के मतदाताओं के नाम अंतिम सूची में शामिल किए जाने थे, जिसके तहत यह प्रक्रिया पूरी की गई है। इस अपडेट के साथ पहले चरण के मतदान से पहले मतदाता सूची को लेकर स्थिति और अधिक स्पष्ट हो गई है।