🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

उत्तर 24 परगना में सियासी महायुद्ध: ममता-अभिषेक की डबल रैली, शाह की एंट्री से बढ़ी गर्मी

आमडांगा और देगंगा में कुछ ही घंटों के अंतराल पर तृणमूल का शक्ति प्रदर्शन, वहीं हाबरा में भाजपा की बड़ी सभा।

By श्वेता सिंह

Apr 22, 2026 12:26 IST

आमडांगाः उत्तर 24 परगना जिले में विधानसभा चुनाव के बीच बुधवार को सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है। एक ओर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी कुछ ही घंटों के अंतराल पर दो बड़ी जनसभाएं करने जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।

यह जिला लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। हालांकि इस बार कई सीटों पर बहुकोणीय मुकाबले का गवाह बन रहा है। खासकर आमडांगा और देगंगा सीटों पर भाजपा और आईएसएफ की सक्रियता ने चुनावी समीकरणों को और जटिल कर दिया है।

दोपहर एक बजे ममता बनर्जी आमडांगा के साधनपुर मैदान में तृणमूल उम्मीदवार काशेम सिद्दिकी के समर्थन में जनसभा करेंगी। यह इलाका संख्यालघु बहुल माना जाता है और यहां तृणमूल की सीधी टक्कर भाजपा और आईएसएफ से है। पार्टी ने इस बार तीन बार के विधायक रफीकुर रहमान का टिकट काटकर फुरफुरा शरीफ के पीरजादा काशेम सिद्दिकी को उम्मीदवार बनाया है। शुरुआती असंतोष के बाद रफीकुर अब पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर कुछ असंतोष अभी भी देखा जा रहा है।

इसके बाद, दोपहर तीन बजे अभिषेक बनर्जी देगंगा में तृणमूल उम्मीदवार अनिसुर रहमान विदेश के समर्थन में जनसभा करेंगे। यह कार्यक्रम नुरनगर पंचायत के बेनापोल ईंट भट्ठा मैदान में होगा। देगंगा क्षेत्र में मुकाबला मुख्य रूप से तृणमूल और आईएसएफ के बीच माना जा रहा है। यहां टिकट न मिलने पर मफिदुल हक साहजी आईएसएफ में शामिल होकर उम्मीदवार बन गए हैं, जिससे मुकाबला और रोचक हो गया है।

इसी दिन हाबरा में भाजपा की ओर से भी बड़ी सभा आयोजित की गई है, जहां अमित शाह पार्टी उम्मीदवार देवदास मंडल (हाबरा) और सुमय हीरा (अशोकनगर) के समर्थन में जनसभा करेंगे। इससे पूरे उत्तर 24 परगना में चुनावी माहौल और अधिक गरमा गया है।

तीन बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों के एक ही दिन में होने से जिला प्रशासन भी सतर्क है और सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। लगातार रैलियों और जनसभाओं के बीच उत्तर 24 परगना चुनावी रणनीति का प्रमुख केंद्र बन गया है।

Articles you may like: