बेंगलुरु : बेंगलुरु स्थित एक प्रसिद्ध रेस्टोरेंट वन8 कम्यून एक बड़े कानूनी विवाद के चलते अब चर्चा के केंद्र में आ गया है। इस रेस्टोरेंट पर बेंगलुरु सिविल कोर्ट के आदेश के बाद ताला लगा दिया गया है। कभी भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली के नाम और ब्रांडिंग से सुर्खियों में रहने वाला यह रेस्टोरेंट अब अचानक बंद होने की स्थिति में पहुंच गया है।
जानकारी के अनुसार यह कदम बेंगलुरु सिविल कोर्ट के निर्देश पर उठाया गया है। बताया गया है कि रेस्टोरेंट संचालकों पर लगभग 2 करोड़ रुपये का कर्ज और कई अन्य बकाया भुगतान लंबित थे। इस रेस्टोरेंट का संचालन ट्रायो हिल्स हॉस्पिटैलिटी द्वारा किया जा रहा था जिस पर आरोप है कि उन्होंने लगभग 6 महीने से किराया नहीं चुकाया था। लगातार बकाया बढ़ने के बाद मामला अदालत तक पहुंचा और अंततः रेस्टोरेंट को बंद करने का आदेश दिया गया।
इस पूरे मामले में सबसे अहम बात यह रही कि अब विराट कोहली का इस रेस्टोरेंट से कोई संबंध नहीं बचा है। एक समय में वे इस ब्रांड का प्रमुख चेहरा थे और उनके नाम से ही वन8 कम्यून की लोकप्रियता बढ़ी थी। लेकिन समय के साथ उन्होंने न सिर्फ अपनी हिस्सेदारी खत्म कर दी बल्कि अपने ब्रांड वन8 से भी दूरी बना ली। माना जा रहा है कि उन्होंने सभी व्यावसायिक संबंध पूरी तरह समाप्त कर दिए हैं।
बकाया भुगतान में केवल किराया ही शामिल नहीं था बल्कि मेंटेनेंस चार्ज और रेवेन्यू शेयर की राशि भी लंबित थी। कई बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद जब कोई समाधान नहीं निकला तो भवन मालिक ने अदालत का रुख किया। इसके बाद अदालत ने रेस्टोरेंट को बंद करने का आदेश जारी कर दिया।
यह भी ध्यान देने योग्य है कि वन8 कम्यून पहले भी विवादों में रह चुका है। पहले बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका की ओर से फायर सेफ्टी नियमों और अन्य मानकों के उल्लंघन को लेकर नोटिस जारी किया गया था। माना जा रहा है कि लगातार बढ़ते विवादों और संचालन संबंधी समस्याओं के चलते ही विराट कोहली ने धीरे-धीरे इससे दूरी बना ली थी।
वर्तमान स्थिति यह है कि जब तक सभी बकाया राशि का निपटारा नहीं हो जाता तब तक वन8 कम्यून पर लगा ताला नहीं खुलेगा। इस पूरे मामले ने न सिर्फ व्यावसायिक जगत में हलचल मचा दी है बल्कि ब्रांड वैल्यू घटते ग्राहक और वित्तीय नुकसान को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।