कोलकाताः पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव आचार संहिता (Model Code of Conduct - MCC) के कथित उल्लंघन का आरोप लगाते हुए राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से शिकायत दर्ज कराई है।
टीएमसी (TMC) ने अपनी शिकायत में कहा है कि शुभेंदु अधिकारी ने दक्षिण 24 परगना जिले के सोनाखाली हाई स्कूल मैदान में 20 अप्रैल को आयोजित एक चुनावी सभा में निर्धारित समय सीमा का उल्लंघन किया। यह सभा बीजेपी प्रत्याशी तपन दत्ता के समर्थन में आयोजित की गई थी।
पार्टी के अनुसार, इस कार्यक्रम के लिए अनुमति दी गई थी जिसमें सभा समाप्त होने का समय दोपहर 1:30 बजे तय किया गया था। लेकिन शिकायत में दावा किया गया है कि अधिकारी का हेलीकॉप्टर लगभग 3:10 बजे मौके पर पहुंचा और इसके बाद सभा करीब शाम 5 बजे तक चलती रही।
टीएमसी (TMC) ने आरोप लगाया कि निर्धारित समय से काफी अधिक देर तक सभा चलने के कारण चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन हुआ है। पत्र में कहा गया कि शुभेंदु अधिकारी, तपन दत्ता और अन्य बीजेपी नेताओं ने MCC और चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन नहीं किया।
इसके अलावा टीएमसी ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों ने आसपास की सड़कों को अवरुद्ध कर दिया, जिससे राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी के पहले से तय कार्यक्रम में बाधा उत्पन्न हुई। टीएमसी ने इसे “सार्वजनिक स्थानों के एकाधिकार” (monopolisation of public spaces) का मामला बताते हुए कहा कि यह चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के खिलाफ है।
पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस और केंद्रीय बलों का रवैया पक्षपातपूर्ण था, जिससे उनकी निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। टीएमसी ने कहा कि चुनाव के दौरान सुरक्षा बलों और प्रशासन का दायित्व निष्पक्ष रहकर शांति बनाए रखना होता है। टीएमसी ने चुनाव आयोग से मांग की है कि इस मामले में संबंधित बीजेपी नेताओं और अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। इस मामले पर शुभेंदु अधिकारी की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।