कोलकाताः पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से ठीक 24 घंटे पहले चुनाव आयोग ने मतदाताओं का भरोसा बढ़ाने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि 23 अप्रैल को होने वाले मतदान को सुरक्षित, पारदर्शी और निर्भीक बनाने के लिए विशेष दिशानिर्देश लागू किए गए हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार, मतदान वाले क्षेत्रों में 48 घंटे पहले से मोटरसाइकिल की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है और किसी भी प्रकार की बाइक रैली की अनुमति नहीं होगी। केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही पिलियन राइडिंग की छूट दी गई है।
मतदान के दिन सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक भी पिलियन राइडिंग पर प्रतिबंध लागू रहेगा, हालांकि चिकित्सा आपात स्थिति और जरूरी पारिवारिक मामलों में छूट दी गई है।
आयोग ने यह भी साफ किया है कि मतदाता की पसंद पूरी तरह गोपनीय रहेगी और इसे किसी भी कैमरे, वेबकैम या मोबाइल ऐप के जरिए ट्रैक नहीं किया जा सकता। इस संबंध में फैल रही भ्रामक जानकारी को लेकर आयोग ने चेतावनी दी है और कहा है कि दोषियों पर कानूनी कार्रवाई होगी।
मतदाताओं की सुविधा के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800–345–0008 और 1950 जारी किए गए हैं, जहां शिकायत या जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
बुजुर्ग, बीमार और दिव्यांग मतदाताओं के लिए घर से बूथ तक आने-जाने की विशेष व्यवस्था की गई है, जिसमें ऑटो और टोटो का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए पहले से संपर्क करना अनिवार्य होगा।
बूथ के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। यदि कोई मतदाता मोबाइल लेकर आता है तो उसे बूथ के बाहर बीएलओ द्वारा बनाए गए सहायता केंद्र में जमा करना होगा और बदले में कूपन दिया जाएगा।
यदि मतदाता के पास फोटोयुक्त पहचान पत्र नहीं है, तो वह आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, बैंक या पोस्ट ऑफिस पासबुक, पेंशन दस्तावेज, 100 दिन जॉब कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड या अन्य मान्य दस्तावेजों के आधार पर मतदान कर सकता है।
बूथ के बाहर बीएलओ मतदाताओं को उनके क्रमांक की जानकारी देंगे, जिससे उन्हें मतदान केंद्र में प्रवेश मिलेगा।
इसके अलावा, प्रिसाइडिंग अधिकारी ECINET ऐप के जरिए हर दो घंटे में मतदान प्रतिशत अपडेट करेंगे और मतदान समाप्त होने के बाद अंतिम रिपोर्ट दर्ज करेंगे।
शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने के बाद भी यदि कोई मतदाता कतार में मौजूद रहेगा तो उसे सुरक्षा बलों की निगरानी में मतदान का अवसर दिया जाएगा।