बेंगलुरु : बेंगलुरु के बादराहल्ली थाना क्षेत्र से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है। मृत युवक की पहचान किरण (उम्र 27 वर्ष) के रूप में हुई है।आरोप है कि कुछ दिनों से प्रेम संबंधों में दूरी बढ़ने और विवाह को लेकर कोई स्पष्टता न होने से नाराज होकर प्रेमिका ने कथित रूप से अपने प्रेमी को घर बुलाकर उसके हाथ पैर और आंखें बांध दीं और उस पर केरोसिन डालकर आग लगाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार यह घटना बेंगलुरु के बादराहल्ली थाना क्षेत्र में हुई। प्रारंभिक जांच में यह मामला पूर्व-नियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है। मंगलवार को दोपहर लगभग 2 बजे किरण अपनी प्रेमिका के घर गए थे जहां से बाद में उनका जला हुआ शव बरामद हुआ। इस मामले में 27 वर्षीय युवती प्रेमा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।बेंगलुरु पुलिस के उप-आयुक्त (उत्तर-पश्चिम) डी. एल. नागेश ने बताया कि घटना के कारणों की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही घटनास्थल का पुनर्निर्माण (रीकंस्ट्रक्शन) भी किया जाएगा।
पुलिस जांच में सामने आया है कि किरण और प्रेमा दोनों राजाजीनगर क्षेत्र में एक मोबाइल नेटवर्क कंपनी के स्टोर में कार्यरत थे जहां से उनके बीच प्रेम संबंध शुरू हुआ था।हाल के दिनों में दोनों के बीच दूरी बढ़ गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ में प्रेमा ने दावा किया है कि किरण ने कुछ दिनों से उससे संपर्क कम कर दिया था जिससे वह नाराज थी। इसी गुस्से में उसने कथित तौर पर हत्या की।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में प्रेमा ने स्वीकार किया कि घटना वाले दिन वह और किरण साथ में बाहर गए थे। लौटते समय उसने किरण को अपने घर बुलाया जहां घर उस समय खाली था।आरोप के अनुसार, प्रेमा ने किरण को यह कहकर घर बुलाया कि वह पश्चिमी परंपरा की तरह प्रेम प्रस्ताव देना चाहती है और विवाह का प्रस्ताव रखेगी। इस पर किरण तैयार हो गया।
इसके बाद प्रेमा ने कथित रूप से किरण के हाथ-पैर और आंखें बांध दीं और फिर उस पर केरोसिन डालकर आग लगा दी जिससे उसकी मृत्यु हो गई। जांचकर्ताओं का मानना है कि यह पूरी घटना पूर्व-नियोजित हो सकती है क्योंकि पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले से घर में केरोसिन जमा कर रखा था। पुलिस पूछताछ में प्रेमा ने यह भी कहा है कि उसने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया है। पुलिस ने कहा है कि उस वीडियो की जांच की जाएगी और यह भी देखा जाएगा कि उसके बयान में कोई विरोधाभास है या नहीं। इसके साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस हत्या के पीछे कोई अन्य कारण या अतिरिक्त साजिश तो नहीं है।