जम्मू-कश्मीर : रियासी जिले स्थित प्रसिद्ध शिव खोरी धाम में सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत ऑडिट किया गया। पुलिस के अनुसार इस दौरान मौजूदा सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों पर विशेष ध्यान दिया गया। रियासी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुकुंद तिबरेवाल ने इस सुरक्षा ऑडिट का नेतृत्व किया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए निगरानी व्यवस्था भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने मंदिर परिसर के आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा का भी जायजा लिया। इसके साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने डोमेल चेकपॉइंट इखनी विशेष पुलिस पोस्ट और झंडी मोड़ जैसे महत्वपूर्ण पुलिस प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जहां सुरक्षा व्यवस्था और ऑपरेशनल तैयारियों का आकलन किया गया। इखनी और झंडी मोड़ में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए कि वे नियमित रूप से क्षेत्र पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए व्यवस्थित ड्यूटी रोस्टर तैयार करें और लंबी दूरी की गश्त को प्रभावी बनाएं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि तकनीक के उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। गश्त व्यवस्था को और बेहतर बनाने के साथ-साथ स्थानीय समुदायों और विशेष रूप से दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय ग्राम रक्षा दल (वीडीजी) के साथ समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बुनियादी ढांचे सहायक उपकरणों की उपलब्धता और रात के समय संचालन की तैयारियों की भी समीक्षा की।
रांसू थाना के निरीक्षण के दौरान मलकाना, रिकॉर्ड रूम, लॉक-अप सुविधाओं और अन्य संचालन इकाइयों का गहन परीक्षण किया गया। इस दौरान रिकॉर्ड के सही रख-रखाव, जब्त संपत्ति के सुरक्षित भंडारण और समुचित प्रबंधन पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे दस्तावेजीकरण में सटीकता और रिकॉर्ड प्रबंधन में व्यवस्थितता बनाए रखें। साथ ही पेशेवर कार्यशैली, जवाबदेही और निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन के महत्व को रेखांकित किया। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि रियासी पुलिस जिले में आने वाले स्थानीय निवासियों और पर्यटकों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।