🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

मल्लिकार्जुन खड़गे विवाद: मोदी पर टिप्पणी को लेकर हैदराबाद में बीजेपी का प्रदर्शन

बीजेपी ने चुनाव आयोग में दर्ज कराई शिकायत, खड़गे से सार्वजनिक माफी की मांग

By प्रियंका महतो

Apr 22, 2026 18:24 IST

हैदराबाद : बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ताओं ने मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान के विरोध में हैदराबाद के कोटी एक्स रोड्स पर उनका पुतला फूंका और उनसे सार्वजनिक माफी की मांग की। खड़गे ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर टिप्पणी की थी जिसे लेकर यह विरोध प्रदर्शन किया गया। पुलिस ने पुतला दहन को रोकने के लिए हस्तक्षेप किया जिसके बाद मौके पर बीजेपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई।

मीडिया से बातचीत में बीजेपी के गोशामहल क्षेत्र के नेता गणेश ने कहा की कांग्रेस हमेशा आतंकवादियों का समर्थन करती रही है और पार्टी खुद भी आतंकवाद को बढ़ावा देती है। हम मांग करते है कि एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आरएसएस या बीजेपी के बारे में बोलने से पहले अपनी भाषा पर नियंत्रण रखें। हम उनसे सार्वजनिक माफी की मांग करते हैं।

इस बीच भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को अपने बयान पर जारी विवाद को लेकर कहा कि वह पहले ही अपनी टिप्पणी को स्पष्ट कर चुके हैं। पत्रकारों से बातचीत में खड़गे ने कहा कि “मैंने चेन्नई में अपने बयान को स्पष्ट कर दिया है।”

दरअसल तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी” कहे जाने के आरोप को लेकर विवाद शुरू हुआ था। बाद में खड़गे ने सफाई देते हुए कहा कि उनका आशय यह था कि प्रधानमंत्री केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग अपने विरोधियों को डराने के लिए करते हैं।बीजेपी नेताओं ने खड़गे के इस बयान की कड़ी आलोचना की और उनसे माफी की मांग की। पार्टी ने इस मामले में चुनाव आयोग के पास भी औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

मंगलवार को कर्नाटक के कलबुर्गी में एएनआई से बातचीत में खड़गे ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को “आतंकवादी” नहीं कहा बल्कि यह कहा था कि मोदी सरकार अपने राजनीतिक विरोधियों को निशाना बना रही है खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री राजनेताओं को डरा रहे है और टैक्स आतंकवाद हो रहा है। उन्होंने कहा मैंने प्रधानमंत्री के खिलाफ कुछ नहीं कहा। प्रधानमंत्री राजनेताओं और उम्मीदवारों को डरा रहे हैं। मैंने कहा कि टैक्स आतंकवाद हो रहा है-ईडी छापे मार रही है, आयकर विभाग छापे डाल रहा है, सीबीआई कार्रवाई कर रही है। यह सब प्रधानमंत्री के जरिए हो रहा है। मैंने उन्हें आतंकवादी नहीं कहा। वह लोगों को डरा रहे है छापों के जरिए उन्हें चुप कराने की कोशिश कर रहे हैं और चुनाव में हराने का प्रयास कर रहे है मैंने चेन्नई में यही कहा था।


Articles you may like: