🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

चेन्नई में मतदान के बीच फिल्मी सितारों की अपील-“सब लोग वोट करें”

चेन्नई में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान विजय सेतुपति, जीवा और अन्य फिल्मी हस्तियों ने मतदान कर युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

By श्वेता सिंह

Apr 23, 2026 12:51 IST

चेन्नईः तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान चेन्नई में फिल्मी सितारों ने भी मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जनता से वोट डालने की अपील की। अभिनेता विजय सेतुपति, जीवा, वीटीवी गणेश और मैथेयू वर्गीज सहित कई हस्तियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

अभिनेता विजय सेतुपति ने चेन्नई के अन्ना नगर विधानसभा क्षेत्र स्थित किलपॉक चेन्नई हायर सेकेंडरी स्कूल में मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि हर नागरिक के लिए वोट देना सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा, “सब लोग वोट करें, यह हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।” साथ ही उन्होंने युवाओं को शुभकामनाएं भी दीं।

अभिनेता जीवा ने टी. नगर स्थित दक्शिण भारत हिंदी प्रचार सभा मतदान केंद्र पर मतदान किया। उन्होंने लगभग दो घंटे तक कतार में खड़े रहकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जीवा ने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि युवा वर्ग को आगे आकर राजनीति में भी भूमिका निभानी चाहिए ताकि बदलाव संभव हो सके।

अभिनेता और निर्माता वीटीवी गणेश ने नंदनम स्थित सरकारी मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में मतदान किया। उन्होंने कहा कि युवा मतदाताओं को अपने अधिकार का उपयोग जरूर करना चाहिए।

इसी दौरान अभिनेता मैथेयू वर्गीज ने भी नंदनम स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला और अपनी स्याही लगी उंगली दिखाकर मतदान की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि वोट डालने के बाद वे खुश हैं क्योंकि यह एक संवैधानिक अधिकार और मूल कर्तव्य है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार मतदान प्रतिशत और अधिक रहेगा।

इस बीच, तमिलनाडु में कई प्रमुख हस्तियों और नेताओं ने भी मतदान किया, जिनमें मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, TVK प्रमुख विजय, DMK मंत्री केएन नेहरू, और अभिनेता रजनीकांत तथा ध्रुव विक्रम शामिल रहे।

राज्य की 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है। पश्चिम बंगाल में भी चुनाव प्रक्रिया जारी है। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। तमिलनाडु में मुख्य मुकाबला DMK नेतृत्व वाले गठबंधन और AIADMK के नेतृत्व वाले NDA के बीच माना जा रहा है।

Articles you may like: